एक हफ्ते की मेडिकल लीव मांगना पड़ा भारी! पैर में चोट लगने पर कंपनी ने महिला को नौकरी से निकाला

0
8

नई दिल्ली: प्राइवेट नौकरी में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बीमारी या चोट के दौरान छुट्टी लेना भी कई बार मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। रेडिट पर 28 साल की एक महिला ने दावा किया कि पैर में चोट लगने के बाद एक हफ्ते की मेडिकल लीव मांगने पर कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। महिला के मुताबिक, उसे न कोई नोटिस मिला और न ही सेवरेंस पेमेंट दिया गया। महिला ने Reddit के r/IndiaCareers ग्रुप में बताया कि उसका पैर मुड़ गया था, जिससे मांसपेशियों में गंभीर खिंचाव आ गया।

चोट के कारण उसे चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। इसलिए उसने एक सप्ताह की छुट्टी मांगी और कहा कि दिवाली के बाद काम पर लौट आएगी। महिला का आरोप है कि कंपनी पहले से ही उसकी मेडिकल लीव लेने की आदत से नाराज थी। ऐसे में एक और सप्ताह की छुट्टी मांगने पर मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया। महिला ने अपनी पोस्ट में कंपनी को ‘लाला कंपनी’ बताते हुए कहा कि उसे बिना नोटिस नौकरी से हटाया गया और कोई सेवरेंस पैकेज भी नहीं मिला।

नई नौकरी और करियर गैप की चिंता

नौकरी जाने के बाद महिला दूसरी जगह काम तलाश रही है। उसने बताया कि वह लगातार आवेदन कर रही है, लेकिन दिवाली की छुट्टियों के कारण कंपनियों से जवाब नहीं मिल रहा। उसे डर है कि अगले एक-दो महीने में नौकरी नहीं मिली तो रिज्यूमे में आए गैप को लेकर इंटरव्यू में सवाल पूछे जाएंगे। महिला नौकरी के बाजार को लेकर भी परेशान है। उसने अब तक अपने माता-पिता को नौकरी जाने की बात नहीं बताई है। उसका कहना है कि वह उन्हें दुखी नहीं करना चाहती और समझ नहीं पा रही कि यह बात कैसे बताए।

रेडिट यूजर्स ने दी अलग-अलग राय

महिला की पोस्ट पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ ने उसके साथ सहानुभूति जताई, जबकि कुछ ने कंपनी का पक्ष समझने की सलाह दी। एक यूजर ने अपने ऑफिस का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उसकी टीम का एक कर्मचारी दो हफ्ते की मेडिकल लीव लेकर इलाज के बजाय जर्मनी घूमने चला गया था। बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया गया। यूजर ने सवाल किया कि क्या महिला के मामले में भी पहले ली गई छुट्टियों की वजह से मैनेजमेंट नाराज था? वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि करियर में गैप आना कोई बड़ी बात नहीं है। इसे लेकर बेवजह परेशान नहीं होना चाहिए। एक यूजर ने महिला को रिज्यूमे अपडेट करने, नई स्किल सीखने और पुराने प्रोजेक्ट्स पर दोबारा ध्यान देने की सलाह दी। इससे वह इंटरव्यू में अपने अनुभव और काम को बेहतर तरीके से समझा सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here