अमिताभ बच्चन के बंगले, एयरपोर्ट और मेयर दफ्तर समेत मुंबई में कई ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी

0
5

मुंबई: देश की आर्थित राजधानी मुंबई को एक बार फिर बम धमाकों से दहलाने की धमकी मिली है। इस बार धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई है, जिसमें अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा, मुंबई मेयर का दफ्तर, एयरपोर्ट, कोर्ट और कई बैंकों को उड़ाने की बात कही गई है। धमकी मिलते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं।

12 नवंबर की सुबह आया धमकी भरा ईमेल

सूत्रों के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह 10:52 बजे एक धमकी भरा ईमेल मिला। यह ईमेल reduak079@gmail.com से पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों समेत कई लोगों को भेजा गया था। इसमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में बम धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में नगर निगम का भी जिक्र था, जिसके बाद वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई।

ईमेल मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें उन सभी जगहों पर पहुंच गईं, जिनका नाम धमकी में था। सभी जगहों पर सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है।

मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम

इस ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा हुआ था। इसमें इंजीनियर गुरानख सिंह, रुकन शाहवाला और डॉ. गुरनिर्वेर सिंह खान राजादा के नाम भी शामिल थे। धमकी में अलग-अलग समय पर अलग-अलग जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल के मुताबिक, दोपहर 1:11 बजे पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में, दोपहर 2:11 बजे एक कोर्ट में और दोपहर 3:11 बजे मेयर ऑफिस में बम धमाका करने की धमकी दी गई। इसके अलावा रात 9:11 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उड़ाने की बात भी लिखी थी। महालक्ष्मी रेसकोर्स और महालक्ष्मी स्टेडियम का भी जिक्र था।

बच्चन और दिलजीत को भी धमकी

ईमेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले जलसा पर कार बम हमले की धमकी दी गई। साथ ही गायक दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई और लोगों को उनके आने वाले शो में न जाने की सलाह दी गई। बता दें, ये पहली बार नहीं है जब बच्चन के घर को धमकी मिली हो। अक्टूबर में भी मुंबई पुलिस को एक ईमेल मिला था, जिसमें जलसा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वो ईमेल बीकेसी इलाके के एक स्कूल को मिला था। उसके बाद से ही जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। 1 नवंबर को जब अमिताभ बच्चन अपने प्रशंसकों से मिले थे, तब वे एक पारदर्शी सुरक्षा घेरे के अंदर खड़े दिखे थे। उनके साथ बेटे अभिषेक बच्चन भी थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस ईमेल के स्रोत और इसकी सच्चाई की जांच कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here