
नोएडा: छठ महापर्व की आस्था और उल्लास के बीच सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कमर कस ली है। पर्व के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा पवन कुमार तथा थाना बिसरख पुलिस बल के साथ थाना बिसरख क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संदिग्ध वाहनों पर नजर, नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन जांच की जाए। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि पर्व के दौरान आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
पीसीआर-पीआरवी रहेंगी मुस्तैद, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
डीसीपी ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। साथ ही संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को हर समय मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य साफ है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिले। त्योहार की रौनक में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संदेश साफ है आस्था के महापर्व पर सुरक्षा से कोई समझौता नहीं। गौतमबुद्धनगर पुलिस मुस्तैद है ताकि हर घर में छठ की खुशियां और हर रास्ते पर सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।











