
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गैंगवार से जुड़े बदमाशों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पटेल नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ के बाद सेंट्रल जिले की एएटीएस टीम ने वांछित गैंग सरगना प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपी का परिचय और सितंबर की हिंसक गैंगवार
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना नबी करीम का घोषित बदमाश है और सितंबर में सदर बाजार-नबी करीम क्षेत्र में निकली शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसक गैंगवार के मामले में वांछित था। उस दौरान प्रकाश उर्फ चीनू गिरोह और विकास कालिया गिरोह के बीच जबरदस्त टकराव हुआ था। दोनों गुटों की भिड़ंत ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस मामले में पुलिस को प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू की तलाश थी। आखिरकार पटेल नगर थाना क्षेत्र में एएटीएस सेंट्रल की टीम का आरोपी से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों में आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गैंगवार से जुड़े राज खुलने की उम्मीद
इस गिरफ्तारी को सितंबर में हुई हिंसक झड़प के मामले में अहम कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस की आगामी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपी की गिरफ्तारी, मुठभेड़ और पूरे घटनाक्रम से जुड़े विस्तृत तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।











