नई दिल्ली: नवंबर को बायपास स्थित डिलाइट दस्तूर ग्राउंड पर मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दौसांझ का लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित होने जा रहा है। ये उनके ऑरा इंडिया टूर के तहत दूसरा शो है। इसमें बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। साथ ही इवेंट की अनुपति पर फिलहाल विचार किया जा रहा है।
शो से पहले इंदौर पुलिस की हुई बैठक
पुलिस अधिकारियों और आयोजकों के बीच बैठक कर सुरक्षा से जुड़े करीब 60 से 70 बिंदुओं पर चर्चा की गई है। पुलिस आज यानी 14 नवंबर को कार्यक्रम स्थल का अंतिम निरीक्षण करने जाएगी। इस संबंध में डीसीपी अमन राठौर ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। डीसीपी अमन राठौर के मुताबिक, कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर बुक माय शो की ओर से अनुमति के लिए आवेदन किया गया है।
पुलिस ने आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। इनमें भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर्स की तैनाती, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी, फायर सेफ्टी, मेडिकल सुविधाएं और यातायात व्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने और अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है। दर्शकों की सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वार पर बैगेज स्कैनर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे।
दिलजीत के कॉन्सर्ट में कड़े इंतजामात
किसी भी व्यक्ति को बिना जांच और स्कैनिंग के कॉन्सर्ट में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, टिकट और पास की भी सख्ती से जांच की जाएगी। डीसीपी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर पहले भी धमकियां मिलने की सूचनाएं सामने आई हैं। ऐसे में क्राइम ब्रांच और अन्य पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर चौबीसों घंटे चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। आज अंतिम निरीक्षण के बाद सुरक्षा के सभी निर्धारित मापदंड पूरे पाए जाने पर ही आयोजन की अनुमति जारी की जाएगी।
बता दें कि दिलजीत दोसांझ का जब दिल्ली में भी कॉन्सर्ट हुआ था, तब भी उन्हें पुलिस द्वारा अनुमति मिलने में समय लगा था। कारण सुरक्षा से जुड़ा था। सिंगर को कहीं न कहीं से धमकियां मिलती रहती हैं। खालिस्तानी ग्रुप ने दिल्ली में उनके शो को खराब करने की कोशिश की थी, जो नाकाम हुई। अब इंदौर भी कड़ी सुरक्षा के इंतजाम कर रहा है। देखना है कि वहां सिंगर का शो कैसा जाने वाला है।












