नई दिल्ली: लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम इस बार भी पूरे देश में देखने को मिल रही है। आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारों तक, हर कोई इस पर्व को पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मना रहा है। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह मिट्टी के चूल्हे पर बैठकर छठ का प्रसाद बनाती नजर आ रही हैं।
अक्षरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर छठ से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। वीडियो में वह पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में दिख रही हैं। उन्होंने खुद चूल्हे पर बैठकर खरना के लिए खीर और पूरी तैयार की। उनका यह सादगी भरा और देसी अंदाज फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। वीडियो में वह पूरे विधि-विधान से पूजा करती हुई भी नजर आईं।
फैंस ने की जमकर तारीफ
सोशल मीडिया पर अक्षरा का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी सादगी की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि इतनी बड़ी स्टार होने के बाद भी अक्षरा अपनी संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ी हुई हैं। कमेंट सेक्शन में फैंस उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके इस देसी रूप की सराहना कर रहे हैं।
अक्षरा ने भी अपने फैंस को छठ की बधाई देते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि छठ का यह पावन पर्व उनके लिए बेहद खास है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, चूल्हे की आंच, गुड़ की मिठास और मन में छठी मइया का नाम… खरना का प्रसाद अपने हाथों से बनाने का सुख शब्दों में नहीं बताया जा सकता। जय छठी मइया।
देसी लुक में छाईं अक्षरा
वीडियो में अक्षरा के दो अलग-अलग ट्रेडिशनल लुक देखने को मिले। शुरुआत में वह पीले रंग के सलवार सूट में नजर आईं। इसके बाद वह पीली साड़ी में बेहद खूबसूरत लगीं। साड़ी के साथ उन्होंने हरे रंग का ब्लाउज पहना था। चूड़ी, बिंदी, भारी नेकपीस और झुमकों में सजी अक्षरा से नजरें हटाना मुश्किल हो रहा था।
बता दें, हर साल छठ के मौके पर भोजपुरी कलाकार अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हैं, लेकिन इस बार अक्षरा का चूल्हे पर खाना बनाने वाला वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में है। उनका यह अंदाज लोगों को अपनी मिट्टी और परंपरा से जोड़ रहा है।












