नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो परिसर में 2.75 लाख रुपये की ठगी कर पुलिस को चकमा देने वाले दो आरोपियों की किस्मत उस वक्त पलट गई, जब वे बद्रीनाथ धाम की ओर बढ़ रहे थे। स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और रातभर चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद दोनों को उत्तराखंड के चमोली जिले से गिरफ्तार कर लिया।
घटना का विवरण और मुकदमा दर्ज
मेट्रो डीसीपी आनंद डाभी ने बताया कि 10 नवंबर को कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-6 पर एक्स-रे मशीन के पास 2.75 लाख रुपये की ठगी हुई थी। मामले में 11 नवंबर को मुकदमा संख्या 25/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
जांच प्रक्रिया और आरोपियों की पहचान
मामले की गंभीरता देखते हुए डीसीपी मेट्रो के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल डाटा का विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि दोनों नई मोटरसाइकिल से बद्रीनाथ की ओर जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने रातभर उनका पीछा किया और चमोली के विभिन्न होटलों व ठहरने के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर दोनों को दबोच लिया।
आरोपियों की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित मिश्रा (24), निवासी सोनिया विहार, दिल्ली और सत्यम सिंह (25), निवासी सोनिया विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गोंडा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। सत्यम के खिलाफ शास्त्री पार्क थाने में लूट का पूर्व मामला भी दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और 20,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। ठगी की पूरी रकम की बरामदगी और अन्य तथ्यों की जांच जारी है।कार्रवाई करने वाली टीम में स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
Reported By: Pankaj Rai












