छठ से पहले समस्तीपुर में खौफनाक हत्या, 17 साल के दीपक का गला काटकर शव बगीचे में फेंका

0
8

नई दिल्ली: छठ महापर्व से ठीक पहले पटोरी थाना क्षेत्र के इनायतपुर धमौन गांव में हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। शनिवार की सुबह गांव के लाला आम गाछी में 17 साल के किशोर दीपक कुमार का शव खून से लथपथ हालत में मिला। हत्यारों ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया था और शरीर पर कई जगह वार किए थे।

मृतक दीपक गांव के ही राजनीति राय का बेटा था। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे किसी ने उसे फोन करके बुलाया था। इसके बाद वह घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा। परिवार को लगा कि वह हमेशा की तरह देर से आएगा, इसलिए किसी ने ज्यादा चिंता नहीं की। लेकिन सुबह जब गांव के लोगों ने बगीचे में उसका शव देखा तो हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, FSL और डॉग स्क्वायड ने की जांच

सूचना मिलते ही डीएसपी वीरेंद्र कुमार मेधावी, थानाध्यक्ष अनिल कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। घटनास्थल पर खून के निशान, एक चप्पल और शराब की खाली बोतलें मिलीं। पुलिस को शक है कि चप्पल किसी हत्यारे की हो सकती है। दीपक का मोबाइल भी मौके से गायब मिला है। पुलिस अब मोबाइल की लोकेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज से हत्यारों का सुराग लगा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देर शाम तक परिवार की ओर से एफआईआर के लिए आवेदन नहीं दिया गया था।

नशे की लत और गलत संगत बनी जान की दुश्मन

गांव वालों के मुताबिक दीपक नशे का आदी था और उसका उठना-बैठना अपराधी किस्म के लोगों के साथ था। छोटी-मोटी घटनाओं में उसका नाम पहले भी आ चुका था। नाबालिग होने की वजह से पुलिस उसे कई बार समझाकर छोड़ देती थी। परिवार ने उसे सुधारने के लिए गुजरात भेज दिया था, जहां वह एक फैक्ट्री में काम करता था।

करीब 10 दिन पहले पिता को लकवा मारने की खबर सुनकर वह घर आया था। पुलिस को शुरुआती जांच में लग रहा है कि नशे के दौरान हुए विवाद में ही उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी। जिस बगीचे में हत्या हुई, उसे गांव के लोग नशेड़ियों का अड्डा बताते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां दिन-रात शराब, गांजा और ड्रग्स का खेल चलता है। मौके पर भी देसी शराब के पाउच, सिगरेट के पैकेट और नशे में इस्तेमाल होने वाला सामान बिखरा मिला। गांव के सभ्य लोग इस बगीचे में जाने से भी डरते हैं।

पिता बिस्तर पर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दीपक के पिता पिछले 15 दिनों से लकवे की वजह से बिस्तर पर हैं। घर का खर्च दीपक की कमाई से ही चलता था। दीपक दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। बेटे की हत्या के बाद मां बसंती देवी और दादी सुमित्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अब इलाज और घर खर्च की दोहरी मार पड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here