छठ पूजा पर राज ठाकरे के बयान से बिहार में बवाल, लालू की बेटी रोहिणी ने बोला तीखा हमला

0
7

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में छठ पूजा के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बिहार की राजनीति तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की टिप्पणी पर बिहार के कई नेताओं ने नाराजगी जताई है। प्रशांत किशोर के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी राज ठाकरे पर निशाना साधा है। उन्होंने मनसे प्रमुख की बयानबाजी को सुर्खियों में बने रहने की कोशिश बताया है।रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे पर तंज कसते हुए उनकी तुलना ‘बरसाती मेंढक’ से की।

उन्होंने कहा कि जिस तरह बारिश के मौसम में मेंढक बाहर निकलने लगते हैं, उसी तरह छठ पूजा का समय आते ही राज ठाकरे भी बयान देने लगते हैं। रोहिणी के मुताबिक, मनसे प्रमुख का मकसद ऐसे बयानों के जरिए मीडिया का ध्यान खींचना और चर्चा में बने रहना है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भी भारत का हिस्सा है और देश के हर नागरिक को संविधान के तहत कहीं भी रहने, अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार त्योहार मनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार मिला हुआ है। रोहिणी ने राज ठाकरे की छठ पूजा को लेकर की गई टिप्पणी को बिहार के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने मनसे प्रमुख को ‘दंगाई’ कहते हुए कहा कि ऐसे लोगों को महत्व नहीं दिया जाना चाहिए।

भाजपा नेतृत्व से मांगा जवाब

रोहिणी आचार्य ने इस मामले में भाजपा नेताओं से भी अपना पक्ष साफ करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के बड़े नेता हर साल छठ पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन राज ठाकरे की टिप्पणी पर पार्टी की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई है। उन्होंने सरकार से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि महाराष्ट्र में रहने वाले बिहार और उत्तर भारत के लोगों को बिना किसी डर या रोक-टोक के छठ पूजा करने की आजादी मिले। उनके मुताबिक, किसी को भी अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार पर्व मनाने से नहीं रोका जाना चाहिए।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने मुंबई में छठ पूजा के सार्वजनिक आयोजनों पर आपत्ति जताई है। पार्टी ने पुलिस को पत्र लिखकर बाणगंगा इलाके में छठ पूजा की अनुमति नहीं देने की मांग की है। मनसे का कहना है कि गिरगांव चौपाटी सहित दूसरे समुद्र तटों पर पूजा के बाद गंदगी फैलती है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा से जुड़े वीडियो और रील्स को ‘सांस्कृतिक आक्रमण’ बताया था। उन्होंने दावा किया कि मनसे कार्यकर्ताओं ने मुंबई के कई रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिशों को भी रोका। इन बयानों के बाद बिहार और महाराष्ट्र के नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here