छठ के समापन पर PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, छठी मैया से की ये खास प्रार्थना

0
17

नई दिल्ली: चार दिनों तक चला छठ महापर्व सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। देशभर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और छठ को दृढ़ संकल्प तथा आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम बताया। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और अपनों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ के चार दिनों के अनुष्ठान पूरे हो गए। प्रकृति को समर्पित यह पर्व अटूट संकल्प और आध्यात्मिक साधना का सुंदर मेल है। उन्होंने छठी मैया से व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं और देशभर में रहने वाले उनके परिवारजनों को आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।

कई नेताओं ने घाटों पर पहुंचकर दिया अर्घ्य

छठ के समापन पर कई राजनीतिक नेता भी पूजा में शामिल हुए। पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सिर पर दउरा लेकर घाट पहुंचे, जबकि उनकी पत्नी दीप्तिमाला ने पूजा के विधि-विधान पूरे किए। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।छत्तीसगढ़ के जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्नी के साथ पूजा की। गोरखपुर में भाजपा सांसद रवि किशन ने गोरखनाथ मंदिर परिसर के भीम सरोवर में अर्घ्य दिया। वहीं, दिल्ली में सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर सूर्य देव को जल अर्पित किया।

36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद हुआ छठ का समापन

छठ के चौथे दिन व्रतियों ने सूर्योदय के समय उषा अर्घ्य दिया। इससे पहले वे करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। सुबह की पहली किरण के साथ श्रद्धालु जलाशयों में खड़े होकर सूर्य देव को जल और दूध अर्पित करते हैं। इस दौरान छठी मैया की पूजा भी होती है।छठ में डूबते सूर्य को दिया जाने वाला संध्या अर्घ्य आभार का प्रतीक है, जबकि उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नई सुबह का स्वागत किया जाता है। घाटों पर पारंपरिक गीत गूंजे और श्रद्धालुओं ने परिवार के स्वास्थ्य, सुख व खुशहाली की कामना की। मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की पूजा से परिवार को सुख, समृद्धि और अच्छी सेहत का आशीर्वाद मिलता है। पूजा पूरी होने के बाद व्रती बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं और छठ का प्रसाद ग्रहण कर अपनी पारिवारिक परंपरा के अनुसार व्रत खोलते हैं। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व पूरा हो जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here