विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, गाजियाबाद में चार स्थानों पर शुरू हुए ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र

0
3

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से पूरी तरह परिचित कराने तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से 20 नवंबर से जनपद गाजियाबाद में विशेष जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में जिले की तीनों तहसीलों सदर, लोनी और मोदीनगर के अलावा कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इन प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाता स्वयं ईवीएम के माध्यम से मॉक वोट डालकर मतदान की पूरी प्रक्रिया समझ सकेंगे। उन्हें बताया जाएगा कि बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट किस प्रकार काम करते हैं। मतदाता जैसे ही बैलेट यूनिट पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने लगा बटन दबाएंगे, वीवीपैट मशीन में संबंधित प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न वाली पर्ची दिखाई देगी। यह पर्ची लगभग सात सेकंड तक पारदर्शी खिड़की में दिखाई देती है, जिसके बाद वह मशीन के सीलबंद ड्रॉप बॉक्स में गिर जाती है।

मतदाता खुद डालकर देखें मॉक वोट : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मतदाता स्वयं मॉक वोट डालकर पूरी प्रक्रिया को समझें और वीवीपैट की पर्ची देखकर यह जान सकें कि उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न किस प्रकार प्रदर्शित होता है। इससे मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों की शंकाओं का समाधान हो सकेगा।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें अभियान की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी थी। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से इस जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की गई है।

जीपीएस, सीसीटीवी और पुलिस सुरक्षा के बीच रखी जाएंगी मशीनें

ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्रों और मशीनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन आयोग की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार जागरूकता एवं प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनों को मतदान में प्रयुक्त होने वाली मशीनों से अलग सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा। इनके भंडारण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मशीनों के रखरखाव और आवाजाही का विवरण निर्धारित रजिस्टर एवं लॉगबुक में दर्ज किया जाएगा। जीपीएस सहित निगरानी की व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

प्रत्येक प्रदर्शन केंद्र पर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी रखने वाले प्रशिक्षित अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक केंद्रों पर मौजूद रहकर आने वाले लोगों को जानकारी देंगे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।

मोबाइल वैन से गांव और शहर तक पहुंचेगी जागरूकता

जागरूकता अभियान को केवल तहसील और कलेक्ट्रेट तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसके लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की जानकारी दी जाएगी। सरकारी और निजी विद्यालयों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की तैयारी है। शिक्षकों, विद्यार्थियों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदान की प्रक्रिया समझाई जाएगी। दिव्यांग मतदाताओं को भी मतदान संबंधी सुविधाओं एवं प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक चलेगा अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में 20 नवंबर 2026 से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनका संचालन विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की अधिसूचना जारी होने तक किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को ईवीएम मैनुअल और निर्धारित एसओपी के अनुसार प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की नियमित निगरानी, मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा कार्यक्रमों की प्रगति की रिपोर्ट भी सुनिश्चित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग की इस पहल का मकसद नए मतदाताओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक मतदान प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता पूरी जानकारी और जागरूकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

 

Reported By: Mohit Gautam

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here