नई दिल्ली: दिल्ली में बसों की छतों पर नियमों के विरुद्ध सामान लादकर परिवहन करने वालों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। सेंट्रल रेंज की ट्रैफिक पुलिस ने पिछले तीन दिनों के विशेष अभियान के दौरान भारी और लंबे सामान के अनधिकृत परिवहन के मामलों में 192 चालान किए, जबकि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 308 चालान काटे गए। इसके अलावा विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाली 24 बसों को जब्त किया गया।
आईएसबीटी कश्मीरी गेट और मोरी गेट पर चला अभियान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सेंट्रल रेंज की ओर से यह अभियान आईएसबीटी कश्मीरी गेट, मोरी गेट और आसपास के प्रमुख मार्गों व बस संचालन क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस के मुताबिक, बसों की छतों पर अत्यधिक या असुरक्षित तरीके से सामान लादना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इससे बसों का संतुलन बिगड़ सकता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है और यात्रियों के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
बसों की छतों से हटवाया अनधिकृत सामान
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों से अनधिकृत रूप से लदा सामान हटवाया गया, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस ने बसों की छतों पर निर्धारित नियमों के विपरीत सामान लादने और व्यस्त सड़कों पर अनधिकृत लोडिंग-अनलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की।
नियम तोड़ने वाले बस संचालकों पर रहेगी नजर
डीसीपी ट्रैफिक सेंट्रल रेंज दिल्ली के. रमेश ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार नियम तोड़ने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बस संचालकों, परिवहन एजेंसियों और चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि व्यावसायिक सुविधा के नाम पर यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Reported By: Pankaj Rai











