गाजियाबाद: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक और पारंपरिक मातृभाषा खड़ी बोली (कौरवी) को अलग पहचान दिलाने और इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए पश्चिमांचल विकास परिषद (भारत) ने व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के तहत लोगों से आगामी जनगणना 2026-27 में मातृभाषा के कॉलम में खड़ी बोली (कौरवी) दर्ज कराने की अपील की जाएगी।
कौरवी को उचित सम्मान दिलाना उद्देश्य
परिषद के अध्यक्ष नितिन स्वामी पश्चिमांचली ने कहा कि पश्चिमांचल की अपनी विशिष्ट ऐतिहासिक, भाषाई और सांस्कृतिक विरासत है, जिसमें खड़ी बोली (कौरवी) का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि पश्चिमांचल के लोगों की बोली को अक्सर अन्य क्षेत्रीय बोलियों से जोड़कर देखा जाता है। इससे यहां की लोकसंस्कृति, रागनी, लोकगीत और पारंपरिक शब्दावली उपेक्षित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य हिंदी का विरोध करना नहीं, बल्कि आधुनिक मानक हिंदी की जननी खड़ी बोली (कौरवी) को उचित सम्मान और पहचान दिलाना है।
ढाई करोड़ से अधिक लोगों के बोलने का अनुमान
परिषद के अनुसार, ऐतिहासिक रूप से खड़ी बोली का संबंध पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मेरठ क्षेत्र से रहा है। वर्ष 2001 की जनगणना में 47,730 और वर्ष 2011 में 50,195 लोगों ने खड़ी बोली को अपनी मातृभाषा के रूप में दर्ज कराया था। परिषद का अनुमान है कि वर्तमान में इसके बोलने वालों की संख्या ढाई करोड़ से अधिक है।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
परिषद के पदाधिकारी शिवम चौधरी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। परिवारों को समझाया जाएगा कि जनगणना के दौरान मातृभाषा के कॉलम में अपनी वास्तविक मातृभाषा खड़ी बोली (कौरवी) दर्ज कराएं। इसके अलावा गांवों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में होगा विस्तार
परिषद इस अभियान का विस्तार गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर और मुरादाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में करेगी। परिषद पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से अभियान में सहयोग की अपील की। उनका कहना है कि मातृभाषा केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, इतिहास और पहचान की धरोहर है। इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है
Reported By: Mohit Gautam












