मथुरा: किसी के घर में बेटी की शादी की चिंता थी तो किसी के लिए आर्थिक तंगी सबसे बड़ी बाधा। लेकिन गुरुवार को रेलवे ग्राउंड में सजे विवाह मंडपों में इन परिवारों की खुशियां देखते ही बन रही थीं। यहां एक साथ 500 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। ढोल-नगाड़ों की थाप, मंगल गीतों और अपनों के आशीर्वाद के बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक एकता और भाईचारे की अनूठी तस्वीर पेश की।
480 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे, 20 का हुआ निकाह
धोली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें 480 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि 20 मुस्लिम जोड़ों का मौलवियों ने निकाह संपन्न कराया। एक ही परिसर में अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में पूरी हुईं। समारोह में 10 हजार से अधिक बाराती और परिजन शामिल हुए। विवाह स्थल पर सुबह से ही चहल-पहल रही और हर तरफ उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह, पढ़ाया गया निकाह
आयोजन को भव्य रूप देने के लिए रेलवे ग्राउंड में आकर्षक पंडाल और विवाह मंडप तैयार किए गए थे। निर्धारित वेदियों पर पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराए तो दूसरी ओर मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया। परिजनों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। प्रशासन की ओर से बारातियों और मेहमानों के लिए भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
समारोह में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। आर्थिक अभाव के चलते जिन परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता सताती थी, उनके लिए यह योजना सहारा बन रही है। सरकार की पहल से गरीब परिवार भी सम्मान और गरिमा के साथ अपनी बेटियों का विवाह कर पा रहे हैं।
हर जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये का प्रावधान
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की धनराशि निर्धारित है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में गृहस्थी की शुरुआत के लिए भेजे गए हैं। वहीं 21 हजार रुपये कपड़े, बर्तन और उपहार सामग्री पर खर्च किए गए हैं, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए निर्धारित हैं। सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र और गृहस्थी का जरूरी सामान भी दिया गया।
सीडीओ और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट समेत अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Reported By: Prem Kaushik












