मथुरा:थाना हाईवे पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान विकास (22) पुत्र जयवीर निवासी गांव रामपुर, थाना एका, जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
15 नवंबर को हंसराज नगर से लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को थाना हाईवे क्षेत्र के हंसराज नगर से एक नाबालिग बालिका लापता हो गई थी। मामले में परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस बालिका की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका को लेकर आरोपी फरह टोल से मथुरा की ओर ग्राम महुवन के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
Reported By: Prem Kaushik












