नई दिल्ली: अमेरिका के मैसाचुसेट्स के ब्रुकलाइन शहर में लोग घर से बाहर निकलते समय आसमान पर नजर रख रहे हैं। वजह एक उल्लू है, जो झपटकर लोगों के सिर और गर्दन पर हमला कर रहा है। अब तक करीब 12 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रुकलाइन पुलिस ने राज्य के वन्यजीव अधिकारियों से मदद मांगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को उल्लू के हमलों की कई शिकायतें मिली हैं। अधिकारी विशेषज्ञों से सलाह ले रहे हैं कि पक्षी को कैसे संभाला जाए और लोगों को इससे कैसे बचाया जाए।
ग्रिग्स पार्क के पास हमले का शिकार हुए टेरिस बेस्से ने बताया कि उन्हें अपने ऊपर से पक्षी के उड़ने की आवाज सुनाई दी। अगले ही पल उल्लू ने उनकी गर्दन पर पंजों से हमला कर दिया। एहतियात के तौर पर उन्हें रेबीज से बचाव का इलाज कराना पड़ा। टेरिस जब पहली बूस्टर डोज लेने अस्पताल पहुंचे, तो नर्स ने उनसे पूछा कि क्या वह भी उल्लू के हमले का शिकार हुए लोगों में शामिल हैं। इससे उन्हें पता चला कि यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है।
कई लोगों को बनाया निशाना
ब्रुकलाइन न्यूज की रिपोर्टर मिलेना फर्नस्लर ने बताया कि ब्रुकलाइन-ब्राइटन सीमा के पास उनके अपार्टमेंट के नजदीक उल्लू ने उन पर दो बार हमला किया। उन्हें लगा, जैसे किसी ने सिर के पिछले हिस्से पर भारी चीज से चोट मारी हो। पलटकर देखने पर उन्हें उल्लू पास के टेलीफोन खंभे पर बैठा दिखाई दिया। जूलियट डेली डीन रोड पर दौड़ रही थीं, तभी उल्लू ने उनके सिर पर हमला किया। पक्षी दोबारा उनकी ओर लौटा, लेकिन वह झुककर बच गईं। इसके बाद भी उल्लू ने तीसरी बार झपटने की कोशिश की। घबराकर जूलियट सड़क पार कर दूसरी ओर भाग गईं।
घोंसले की सुरक्षा में आक्रामक हो सकता है उल्लू
रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे हमले पिछले पतझड़ में शुरू हुए और हैलोवीन के आसपास कई मामले सामने आए। मैसाचुसेट्स के मत्स्य एवं वन्यजीव विभाग के मुताबिक, राज्य में उल्लुओं की आठ प्रजातियां हैं और सभी कानून के तहत संरक्षित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उल्लू आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते। लेकिन घोंसले या बच्चों पर खतरा महसूस होने पर वे आक्रामक हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस और वन्यजीव अधिकारी मामले पर नजर रखे हुए हैं। ब्रुकलाइन के निवासी बाहर निकलते समय सतर्क हैं।












