नई दिल्ली: चीन में एक ड्राइवरलेस इलेक्ट्रिक कार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक खाली कार रात करीब 3 बजे अंडरग्राउंड पार्किंग में अपने आप आगे-पीछे चलती रही। कार की इस अजीब हरकत को देखकर वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड भी परेशान हो गया। उसे समझ नहीं आ रहा था कि जब गाड़ी के अंदर कोई मौजूद नहीं है, तो आखिर इसे चला कौन रहा है। बाद में जब कार के मालिक ने सिस्टम रिकॉर्ड की जांच की, तो पता चला कि रातभर में ऑटोमैटिक पार्किंग फीचर 868 बार एक्टिव हुआ था।
यह घटना चीन के अनहुई प्रांत के एक अंडरग्राउंड पार्किंग गैराज की बताई जा रही है। वायरल CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि इलेक्ट्रिक कार पार्किंग की जगह पर आगे बढ़ती है और फिर पीछे आने लगती है। कार बार-बार अपनी पोजीशन ठीक करने की कोशिश करती है। कुछ देर रुकने के बाद वह फिर से यही प्रक्रिया दोहराने लगती है। रात के सन्नाटे में कार की लगातार आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ।
उड़ गए कार मालिक के होश
कार को लगातार आगे-पीछे चलता देखकर सिक्योरिटी गार्ड उसके पास पहुंचा। उसे लगा कि शायद कोई व्यक्ति गाड़ी के अंदर बैठकर उसे चला रहा है। लेकिन जब उसने कार के अंदर झांककर देखा तो वहां कोई भी मौजूद नहीं था। इसके बावजूद कार अपने आप पार्किंग करने की कोशिश कर रही थी। यह देखकर गार्ड भी हैरान रह गया। अगली सुबह कार के मालिक ने गाड़ी के सिस्टम रिकॉर्ड की जांच की। इसमें पता चला कि रातभर में ऑटोमैटिक पार्किंग फीचर कुल 868 बार एक्टिव हुआ था। यानी कार ने एक ही रात में सैकड़ों बार पार्किंग करने की कोशिश की। काफी देर तक यह सिलसिला चलने के बाद आखिरकार कार दूसरी खड़ी गाड़ी के बगल में जाकर रुक गई।
आखिर क्यों बार-बार पार्किंग कर रही थी कार?
फिलहाल इस घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इसे लेकर कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि कार के ऑटो पार्किंग सिस्टम में सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी के कारण यह फीचर बार-बार सक्रिय हो रहा होगा। एक दूसरी संभावना यह भी है कि कार का मालिक किसी ऐप के जरिए रिमोट पार्किंग फीचर का बार-बार इस्तेमाल कर रहा हो। इसके अलावा, कुछ रिपोर्ट्स में चीन में चल रही ड्राइविंग असिस्टेंस से जुड़ी एक प्रतियोगिता का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इस घटना का उस प्रतियोगिता से कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने कार की हरकत की तुलना इंसानों की आदतों से की, तो कुछ ने इसे सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी बताया। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि लगता है कार किसी कोड लूप में फंस गई है। वहीं, कुछ लोगों ने ड्राइवरलेस गाड़ियों की तकनीक और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। फिलहाल यह घटना लोगों के लिए मनोरंजन का विषय बनी हुई है, लेकिन इसने यह भी दिखाया है कि ऑटोमेटेड कारों में तकनीकी गड़बड़ियों को गंभीरता से लेना कितना जरूरी है।












