वर्दी के बाद भी खाकी परिवार का साथ, रोहिणी जिला पुलिस की अनूठी पहल

0
5

नई दिल्ली: वर्दी की जिम्मेदारी पूरी होने के बाद भी पुलिस परिवार अपने जवानों का साथ नहीं छोड़ता। वर्षों तक जनता की सुरक्षा में समर्पित रहने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में रोहिणी जिला पुलिस ने सराहनीय पहल की है। इसी कड़ी में रविवार को डीसीपी कार्यालय स्थित सम्मेलन कक्ष में ‘सेवा के साथ भी, सेवा के बाद भी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य अगले छह महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को आने वाले जीवन के लिए तैयार करना रहा।

भविष्य की नई शुरुआत का संदेश

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के मार्गदर्शन और अतिरिक्त डीसीपी विनय माथुर के नेतृत्व में धारणा प्रबंधन प्रकोष्ठ एवं पेंशन प्रकोष्ठ ने संयुक्त रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया। यह पहल पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी योजना के तहत की गई।

प्रेरणा से भरा संबोधन

कार्यक्रम की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता राजेश चेतन के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने सेवानिवृत्ति को जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई संभावनाओं और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत बताया।

सेहत का रखा विशेष ध्यान

दिल्ली पुलिस कल्याण केंद्र के डॉ. अमित भारद्वाज और डॉ. बंसल ने उम्र के साथ होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, नियमित चिकित्सा जांच और बचाव संबंधी उपायों की जानकारी दी।

आर्थिक सुरक्षा का मिला मंत्र

एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक निशांत अरोड़ा ने सेवानिवृत्ति के बाद उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं एचडीएफसी लाइफ के उप प्रबंधक चित्रा कुमार ने निवेश, आर्थिक सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया।

पेंशन और सरकारी सुविधाओं की जानकारी

पेंशन प्रकोष्ठ ने सेवानिवृत्ति से जुड़े दस्तावेजों और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी। सामान्य शाखा ने केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) के लाभ तथा सेवानिवृत्ति पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया समझाई।

साइबर ठगी से सतर्क रहने की सीख

कार्यक्रम के अंतिम चरण में साइबर थाने की टीम ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अपराध और मोबाइल फोन की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपाय बताए।

सेवा के सम्मान के साथ विदाई का संदेश

अतिरिक्त डीसीपी विनय माथुर ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए विभाग के प्रति उनकी समर्पित सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का नया अध्याय है, जिसे पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ शुरू करना चाहिए। रोहिणी जिला पुलिस की यह पहल संदेश देती है कि खाकी का रिश्ता केवल नौकरी तक सीमित नहीं है। वर्दी उतरने के बाद भी विभाग अपने कर्मियों के सुखद, सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here