दिल्ली में 8 महीने के मासूम का अपहरण कर तस्करी की साजिश, 24 घंटे में अलीगढ़ से बरामद; महिला समेत 3 गिरफ्तार

0
9

नई दिल्ली: वंश का चिराग पाने की कथित चाहत में आठ माह के मासूम को अगवा कर तस्करी करने की सनसनीखेज साजिश का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पांडव नगर से लापता हुए मासूम को दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव वाजिदपुर से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों ऋषिपाल (40), छत्रु (50) और कुसमा (45) को गिरफ्तार किया गया है।

बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी ज्योति को सौंपी थी

पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि शिकायतकर्ता लक्ष्मी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। काम पर जाने के दौरान उन्होंने अपने आठ माह के बेटे की जिम्मेदारी ज्योति को सौंपी थी। आरोप है कि 11:30 बजे ज्योति गणेश नगर में सामान खरीदने गई, जहां उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई और बच्चा उसके कब्जे से गायब हो गया। मामले में थाना मंडावली में प्राथमिकी संख्या 437/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

CCTV फुटेज से मिला अपहरण का सुराग

डीसीपी राजीव कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से संदिग्ध का पीछा किया। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया। ऑटो चालकों से पूछताछ और जांच के दौरान अक्षरधाम की दिशा में उसकी गतिविधियां सामने आईं। टाटा 407 वाहन की पड़ताल से चालक ऋषिपाल तक पुलिस पहुंची।

तीन बेटियों के बाद बेटे की चाह में रची साजिश

जांच में कथित तौर पर खुलासा हुआ कि छत्रु और उसकी पत्नी कुसमा की तीन बेटियां हैं। दोनों परिवार का नाम आगे बढ़ाने और विरासत के लिए बेटे की चाह रखते थे। आरोप है कि उन्होंने करीब एक साल पहले ही बच्चे को हासिल करने की योजना बनाई थी।

24 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार, मां को सौंपा मासूम

पुलिस टीम में एएसआई हक्कम सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल प्रदीप और महिला हेड कांस्टेबल नीतू वर्मा शामिल रहे। थाना प्रभारी मंडावली की निगरानी और एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। तीनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मासूम को सुरक्षित मां तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here