कार्तिक पूर्णिमा मेला: शुक्र तीर्थ में पशुओं के लिए अस्थायी चिकित्सालय सुविधा स्थापित।

0
2

​मुजफ्फरनगर: शुक्र तीर्थ में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेल को लेकर पशुपालन विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। दूर-दराज से भैंसा-बुग्गी और बैलगाड़ियों के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के पशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेला परिसर में विभाग द्वारा एक विशेष अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से मेले में पहुंचने वाले बैल, भैंसा व अन्य पशुओं को त्वरित एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।​

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

मेले के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अस्थायी चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध जीवनरक्षक दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की गहनता से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों व कार्मिकों को कड़े निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक पशुपालक और श्रद्धालु को समुचित सहायता एवं परामर्श प्रदान किया जाए, ताकि यात्रा की थकान या किसी आकस्मिक बीमारी के कारण पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पशुओं के इलाज के लिए 24 घंटे तैनात रहेगी टीम

पशुपालन विभाग द्वारा मेले की अवधि के दौरान चौबीसों घंटे निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष रोस्टर प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत अलग-अलग तिथियों और पालियों के अनुसार पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं सहायक कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। विभाग का यह प्रयास मेले में अपने पशुओं के साथ आने वाले किसानों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here