नई नौकरी के लिए दिया इस्तीफा, घर पहुंच चुका था लैपटॉप, जॉइनिंग से 2 दिन पहले कंपनी ने वापस लिया ऑफर

0
2

नई दिल्ली: नई नौकरी की खुशी उस समय झटके में बदल गई, जब जॉइनिंग से महज दो दिन पहले कंपनी ने एक उम्मीदवार को काम पर रखने से मना कर दिया। हैरानी की बात यह है कि नई कंपनी उसके घर लैपटॉप तक पहुंचा चुकी थी और उसने अपनी पुरानी नौकरी से इस्तीफा भी दे दिया था। अब इस मुश्किल स्थिति में फंसे एक डेटा एनालिस्ट ने रेडिट पर अपनी कहानी साझा कर लोगों से सलाह मांगी है। रेडिट पोस्ट के मुताबिक, शख्स को डेटा एनालिस्ट के रूप में करीब ढाई साल का अनुभव है। उसने शुरुआती दो साल एक स्टार्टअप में काम किया और फिर लगभग छह महीने एक बड़ी मीडिया कंपनी में बिताए।

हालांकि, मौजूदा नौकरी उसके लिए काफी मुश्किल बन गई थी। रोजाना आने-जाने में करीब तीन घंटे खर्च होते थे। कई प्रोडक्ट्स की जिम्मेदारी अकेले उसी के पास थी और उसे अक्सर वीकेंड पर भी काम करना पड़ता था। उसने बताया कि कंपनी में लगभग हर तिमाही छंटनी होती रहती है, जिससे नौकरी को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। इसी बीच एक करीबी दोस्त ने उसे रिमोट कस्टमर सक्सेस की नौकरी के लिए रेफर किया। इंटरव्यू पास करने के बाद उसे सालाना 13.5 लाख रुपये का ऑफर मिला, जो उसकी मौजूदा सैलरी से 3 लाख रुपये ज्यादा था। उसने ऑफर स्वीकार कर लिया और पुरानी कंपनी को इस्तीफा सौंप दिया।

रात 11 बजे HR के ईमेल ने बदली स्थिति

उम्मीदवार प्रोबेशन पर था, इसलिए उसका नोटिस पीरियड केवल 15 दिन का था। उसकी आखिरी कार्यदिवस 18 नवंबर तय थी। दूसरी ओर, नई कंपनी ने जॉइनिंग से दो दिन पहले ही उसके घर काम के लिए लैपटॉप भेज दिया था। उसे लगा कि अब नई शुरुआत होने वाली है, लेकिन उसी रात करीब 11 बजे HR का ईमेल आ गया। इसमें बताया गया कि कंपनी में कुछ आंतरिक व्यावसायिक बदलाव हुए हैं, जिसके कारण उसकी ऑनबोर्डिंग आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। HR ने यह भी साफ किया कि फैसला उसकी योग्यता या कौशल में कमी के चलते नहीं लिया गया है। जॉइनिंग से ठीक पहले मिला यह संदेश उसके लिए बड़ा झटका था।

अब पुरानी नौकरी में लौटना भी मुश्किल

डेटा एनालिस्ट के मुताबिक, कंपनी के नेतृत्व में बदलाव के कारण हाल में नियुक्त कुछ कर्मचारियों पर असर पड़ा है। उसका दोस्त इस फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए लीडरशिप से बात कर रहा है। फिलहाल कंपनी ने समीक्षा का भरोसा दिया है, लेकिन उसे ज्यादा उम्मीद नहीं है। उसने मौजूदा कंपनी से आखिरी कार्यदिवस आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है। हालांकि, वह वहां लंबे समय तक काम नहीं करना चाहता। दूसरी नौकरी का ऑफर न होने की वजह से उसकी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि नया ऑफर मिलने के बाद उसने दूसरी जगह आवेदन करना भी बंद कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here