तेरे मेरे सपने, राष्ट्रीय महिला आयोग की अनूठी पहल, जनपद में प्री-मैरिटल काउंसलिंग कम्युनिकेशन सेंटर का हुआ भव्य शुभारंभ

0
1

मुजफ्फरनगर: मजबूत, खुशहाल और संवेदनशील परिवारों की नींव रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के अंतर्गत जिले में प्री-मैरिटल काउंसलिंग एवं कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किया गया। सखी वन स्टॉप सेंटर परिसर में स्थापित इस विवाह पूर्व संवाद केंद्र का शुभारंभ 23 नवंबर 2026 को राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया।

करियर और आर्थिक प्रबंधन पर भी होगी चर्चा

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला ने बताया कि विवाह की योजना बना रहे युवक-युवतियों को शादी से पहले कई महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इनमें करियर, आर्थिक प्रबंधन, व्यक्तिगत मूल्य और पारिवारिक जिम्मेदारियां शामिल हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को वैवाहिक जीवन के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करना है।

बेहतर संवाद से मजबूत होगा वैवाहिक रिश्ता

बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल के तहत विवाह पूर्व संवाद केंद्र स्थापित किया गया है। यहां युवाओं को शादी से पहले एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझने, संवाद करने और भावनात्मक रूप से तैयार होने में मदद मिलेगी। इससे दोनों पक्षों के बीच मजबूत रिश्ते की नींव रखने और सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने में सहयोग मिलेगा।

कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी प्रीति चाहल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधि, हब फॉर वूमेन इम्पावरमेंट के जेंडर स्पेशलिस्ट शिवम कुमार और जिला अस्पताल के चिकित्सक सचिन जैन सहित सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here