नई दिल्ली: साइबर अपराधियों के डिजिटल साम्राज्य में सेंध लगाकर 22 शातिर ठगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पश्चिमी जिला पुलिस की जांबाज टीम पर अब इनामों की बौछार हुई है। ऑपरेशन जामताड़ा की ऐतिहासिक सफलता से प्रभावित होकर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने पूरी टीम के लिए लाखों रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। इस बड़े ऐलान से उन 64 पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ा है, जिन्होंने दिन-रात एक कर संगठित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह की कमर तोड़ दी।
पुलिस मुख्यालय में गूंजा टीम की सफलता का डंका
ऑपरेशन की शानदार कामयाबी के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) जोन-दो नीरज ठाकुर ने पश्चिमी जिला पुलिस की विशेष बैठक लेकर पूरी टीम के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को ऑपरेशन की योजना, तकनीकी जांच, दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय और गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई।

सात टीमों ने संभाला मोर्चा
संयुक्त पुलिस आयुक्त पश्चिमी रेंज सुमन गोयल और पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के निकट पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में इस पूरे अभियान को अंजाम दिया गया। सात विशेष पुलिस टीमों में शामिल 64 पुलिसकर्मियों ने सुनियोजित रणनीति के तहत अलग-अलग मोर्चों पर कार्रवाई की। पुलिस ने चार राज्यों में 17 ठिकानों पर छापेमारी कर 22 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें कथित रूप से धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले दुर्भावनापूर्ण एपीके पैनल विकसित करने वाले आरोपी भी शामिल हैं।
वीडियो प्रस्तुति देखकर अधिकारियों ने थपथपाई पीठ
बैठक में पूरे ऑपरेशन की वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई। इसमें अभियान की रणनीति, तकनीकी पड़ताल, छापेमारी और गिरफ्तारी की सफलता को विस्तार से प्रदर्शित किया गया। प्रस्तुति देखने के बाद पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर ने पूरी टीम की पेशेवर दक्षता, समर्पण, अनुशासन, आपसी तालमेल और साहसिक कार्यशैली की जमकर सराहना की।
जांबाजों के सम्मान से बढ़ा मनोबल
दिल्ली पुलिस आयुक्त ने पूरी ऑपरेशन जामताड़ा टीम के लिए नकद पुरस्कार घोषित कर पुलिसकर्मियों की मेहनत को सम्मान दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि संगठित साइबर अपराध के खिलाफ ऐसी योजनाबद्ध कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अभियान ने साफ संदेश दे दिया है कि साइबर ठगी का जाल कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून के लंबे हाथ अपराधियों तक पहुंचकर रहेंगे। पश्चिमी जिला पुलिस की इस सफलता ने साइबर अपराधियों के बीच कड़ा संदेश भेजा है। टीम ऑपरेशन जामताड़ा:संयुक्त पुलिस आयुक्त पश्चिमी रेंज सुमन गोयल, पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जिला हरेश्वर वी. स्वामी के मार्गदर्शन में सात विशेष टीमों के 64 पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।












