नई दिल्लीः माना कि अच्छी नींद और सेहत बहुत जरूरी होती है, पर इसका मतलब यह तो नहीं कि कोई अपने आराम के लिए पूरे 40 हजार रुपये ही लगा दे। जी हां, 40 हजार रुपये! ऐसा ही एक किस्सा अभी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक युवती, जो जापान घूमने गई थीं और भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, इन दिनों अपनी एक खास खरीदारी को लेकर काफी चर्चा में हैं। आमतौर पर लोग विदेश यात्रा के दौरान कपड़े, जूते या कोई यादगार चीज खरीदते हैं, लेकिन विपंदीप कौर ने अपनी नींद के लिए करीब 40 हजार रुपये खर्च कर दिए। उन्होंने जापान में अपनी जरूरत के हिसाब से एक खास तकिया बनवाया है। उनकी इस खरीदारी की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि एक तकिए की कीमत इतनी ज्यादा होना कई लोगों के लिए हैरानी की बात है।
विपंदीप हाल ही में जापान गई थीं। इस दौरान उन्होंने वहां के मशहूर बेडिंग ब्रांड निशिकावा (Nishikawa) से कस्टमाइज्ड तकिया खरीदा। इसके लिए उन्होंने करीब 40 हजार रुपये दिए। यह दुकान निहोनबाशी इलाके में स्थित है और करीब 400 साल पुरानी बताई जाती है। विपंदीप ने 4 नवंबर को इंस्टाग्राम पर अपनी खरीदारी का अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया कि यहां ग्राहक को सीधे तैयार तकिया नहीं दिया जाता, बल्कि पहले उसकी जरूरत और शरीर के हिसाब से तकिया तैयार किया जाता है।
कैसे तैयार होता है 40 हजार रुपये का तकिया?
विपंदीप ने बताया कि दुकान पर सबसे पहले उनकी गर्दन की स्थिति और शरीर के पोस्चर को समझा गया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग कपड़ों के ऑप्शन दिखाए गए। फिर अलग-अलग ऊंचाई वाले तकियों पर लेटकर टेस्ट किया गया कि सोते समय उनकी गर्दन के लिए किस तरह का सहारा सबसे अच्छा और आरामदायक रहेगा। सभी माप और जांच के बाद उनके लिए खास तकिया तैयार किया गया, जो उन्हें करीब 40 हजार रुपये का पड़ा। इस तकिए में खास तरह की फिलिंग होती है, जिसे ब्लैक बिनचोटन चारकोल पाइप बीड्स कहा जाता है। इसका इस्तेमाल तकिए को सपोर्ट और आराम देने के लिए किया जाता है।
उनके लिए यह खर्च नहीं, इन्वेस्टमेंट है।
विपंदीप ने बताया कि पहले उन्होंने अपनी नींद पर इतना ध्यान नहीं दिया था, लेकिन अब उन्हें आराम से सोने में परेशानी महसूस होने लगी है। लंबे समय तक लैपटॉप पर काम करने और मोबाइल इस्तेमाल करने के कारण उनकी गर्दन में भी दर्द रहने लगा है। उन्हें सोना बहुत पसंद है और इसी वजह से वह बेहतर नींद के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह तकिया गर्दन को सही सहारा देगा और सोने का अनुभव बेहतर बनाएगा।
उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ लोगों ने कहा कि अच्छी नींद और आराम के लिए खर्च करना गलत नहीं है, जबकि कई यूजर्स को एक तकिए पर 40 हजार रुपये खर्च करना काफी महंगा लगा। इस तरह विपंदीप की यह खरीदारी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।












