चरस तस्करों पर कानून का शिकंजा, 10-10 साल की सजा; जम्मू-कश्मीर से पंजाब तक फैले नशे के नेटवर्क पर एनसीबी का करारा प्रहार

0
2

नई दिल्ली/चंडीगढ़: नशे के काले कारोबार पर कानून का शिकंजा एक बार फिर कस गया है। जम्मू-कश्मीर से पंजाब तक चरस की तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), चंडीगढ़ आंचलिक इकाई की मजबूत पैरवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने आरोपियों के बचाव की हर दलील को बेअसर कर दिया। लुधियाना की विशेष अदालत ने दोनों दोषियों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और एक-एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है।

एनसीबी के मुताबिक मामले में जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी मदन लाल और पंजाब के लुधियाना निवासी विपन सूद को दोषी ठहराया गया है। दोनों के खिलाफ एनसीबी अपराध संख्या 32/2019 के तहत मामला दर्ज था। 20 नवंबर 2026 को विशेष अदालत, लुधियाना ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी) के साथ धारा 29 के तहत दोषसिद्धि सुनाई।

बाईपास पर बिछाया जाल, बैग में मिला नशे का खजाना

मामले की शुरुआत 29 जून 2019 को हुई, जब पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर एनसीबी की टीम ने लुधियाना के जालंधर बाईपास ओवरब्रिज पर दोनों आरोपियों को रोक लिया। उस समय मदन लाल एक बैग विपन सूद को सौंप रहा था। तलाशी के दौरान बैग से 3.800 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसे जम्मू-कश्मीर से लाया गया था। यह मात्रा व्यावसायिक श्रेणी में आती है।

वैज्ञानिक साक्ष्यों ने खोली साजिश की परतें

न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लिए गए नमूनों की केंद्रीय राजस्व नियंत्रण प्रयोगशाला (सीआरसीएल), नई दिल्ली ने जांच कर चरस होने की पुष्टि की। वहीं, दोनों आरोपियों के मोबाइल की कॉल विवरण रिपोर्ट ने पहले से संपर्क और सुनियोजित लेनदेन की कड़ियां जोड़ दीं।अभियोजन पक्ष ने अदालत में नौ गवाह पेश किए। अदालत ने बरामदगी और चरस सौंपने की कोशिश को प्रमाणित माना। बचाव पक्ष की एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 और चरस में रेजिन की मात्रा से जुड़ी दलीलें भी खारिज कर दी गईं। खास बात यह रही कि दोषसिद्धि आरोपियों के धारा 67 के बयानों पर नहीं, बल्कि स्वतंत्र वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों पर आधारित रही। अदालत ने व्यावसायिक मात्रा के अपराध को गंभीर मानते हुए किसी तरह की रियायत देने से इनकार कर दिया।

नशामुक्त भारत के लिए एनसीबी की अपील

एनसीबी ने दोहराया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 (मानस) पर दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here