गोवंश चोरी के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली लगने से बदमाश घायल

0
4

मथुरा: कोसीकलां कस्बे में गोवंश चोरी की घटना में वांछित चल रहे आरोपी को सोमवार देर रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी कोसीकलां में भर्ती कराया गया है।

निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास आरोपियों की मिली सूचना

सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि 12 नवंबर की देर रात कोसीकलां कस्बे में अग्रसेन चौक के पास गोवंश चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी कोसी-न्यूकामर रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कोसीकलां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी हुसैन उर्फ रांघड़ निवासी नरयाला, थाना पिंगा, जनपद नूंह (हरियाणा) के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

बोलेरो पिकअप, तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से गोवंश चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बोलेरो पिकअप, एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here