नई दिल्ली: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया और दिलचस्प कैमरा फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स अपने स्मार्टफोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से एक साथ वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। यानी किसी जगह का नजारा रिकॉर्ड करते समय यूजर अपना चेहरा और रिएक्शन भी उसी वीडियो में दिखा पाएंगे। इसके लिए बार-बार कैमरा बदलने या अलग फोन इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होगी।
WhatsApp के इस नए फीचर को Dual Camera Mode कहा जा रहा है। कंपनी फिलहाल Android यूजर्स के लिए इसकी टेस्टिंग कर रही है। इसे WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.46.9 में देखा गया है। WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ बीटा यूजर्स को यह फीचर मिलना शुरू भी हो गया है।
एक ही स्क्रीन पर दिखेंगे दोनों कैमरों के व्यू
इस फीचर में फोन का रियर कैमरा मुख्य स्क्रीन पर दिखाई देगा, जबकि फ्रंट कैमरे का वीडियो एक छोटी विंडो में नजर आएगा। इससे यूजर सामने का पूरा नजारा रिकॉर्ड करने के साथ अपना चेहरा और प्रतिक्रिया भी वीडियो में शामिल कर सकेंगे। छोटी विंडो को स्क्रीन पर अपनी सुविधानुसार कहीं भी खिसकाने का विकल्प भी मिल सकता है। इससे वीडियो का कोई जरूरी हिस्सा कैमरे की छोटी विंडो के पीछे नहीं छिपेगा।
कैमरों का व्यू बदलने का भी मिलेगा विकल्प
Dual Camera Mode में यूजर्स को कैमरों की जगह बदलने की सुविधा भी मिल सकती है। इसके लिए स्क्रीन पर रोटेट बटन दिया जा सकता है। इस पर टैप करते ही फ्रंट कैमरा मुख्य स्क्रीन पर आ जाएगा और रियर कैमरे का व्यू छोटी विंडो में दिखाई देगा। खास बात यह है कि कैमरों का व्यू बदलने के बाद भी दोनों कैमरों से रिकॉर्डिंग जारी रहेगी। इससे एक ही वीडियो में दो अलग-अलग एंगल कैप्चर किए जा सकेंगे।
फिलहाल WhatsApp इस फीचर की टेस्टिंग सीमित Android बीटा यूजर्स के साथ कर रहा है। कंपनी इसे धीरे-धीरे अन्य यूजर्स तक पहुंचा सकती है। हालांकि, WhatsApp ने अभी तक इसके सभी यूजर्स के लिए जारी होने की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है। अगर यह फीचर स्टेबल वर्जन में उपलब्ध होता है, तो व्लॉगिंग, ट्रैवल वीडियो और रोजमर्रा के खास पलों को रिकॉर्ड करने वाले यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।












