Delhi Weather: दिल्ली में बढ़ी ठंड और प्रदूषण की मार, Poor से Very Poor कैटेगरी में पहुंचा AQI

0
3

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली पर इस समय मौसम की दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ प्रदूषण से सांस लेना मुश्किल हो गया है, तो दूसरी तरफ ठंड भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। सुबह के समय फॉग, स्मॉग और ठंड तीनों एक साथ लोगों को परेशान कर रहे हैं। इसी वजह से बुजुर्गों और बच्चों को घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है। कामकाजी लोगों को भी बाहर निकलते समय एहतियात बरतने को कहा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहेगा। लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास और बढ़ेगा।

दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति अलग-अलग इलाकों में अलग है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के मुताबिक, आनंद विहार में AQI 327 दर्ज किया गया है, जो ‘वेरी पुअर’ श्रेणी में आता है। अक्षरधाम मंदिर के आसपास भी AQI 327 ही दर्ज किया गया है। वहीं, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास थोड़ी राहत मिली है। यहां AQI 161 दर्ज किया गया है, जो ‘मीडियम’ श्रेणी में आता है। लेकिन यह हवा भी सेहत के लिए अच्छी नहीं मानी जाती।

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

25 नवंबर को दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध और छिछला कोहरा दिख सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। गुरुग्राम में भी मौसम सूखा रहेगा। दिन का तापमान लगभग 25 डिग्री और रात का 11 डिग्री के आसपास रह सकता है। फिलहाल दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

26-27 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी

IMD ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 और 27 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पंजाब में 25 से 27 नवंबर तक घने कोहरे का असर रह सकता है। 27 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रहेगा। हरियाणा में 26-27 नवंबर को घना कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा। राजस्थान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा रह सकता है। उत्तराखंड में फिलहाल बारिश का कोई संकेत नहीं है।

IMD के अनुसार, 25 से 30 नवंबर के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सूखा रह सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, तमिलनाडु और केरल में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। सुबह घना कोहरा छाने से दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के प्रमुख राजमार्गों पर दृश्यता कम हो सकती है। रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, धीमी गति से चलने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here