नई दिल्ली: राजधानी में नशे के काले कारोबार के खिलाफ उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार किया है। एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर जाल बिछाकर हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन के पास छापेमारी की और पति-पत्नी समेत तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 283.61 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। नशे की खेप पहुंचाने और आगे सप्लाई करने में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली।
हेरोइन के साथ पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
उत्तर-पश्चिम जिला डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 18 नवंबर को मिली गुप्त सूचना के बाद एंटी-नारकोटिक्स सेल ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। पुख्ता जानकारी मिलने पर आउटर रिंग रोड स्थित हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी की गई। दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस टीम ने चिरंजी लाल उर्फ मनीष (29), उसकी पत्नी इशिका (22) और अरमान उर्फ अमन (18) को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि अरमान कथित तौर पर नशीले पदार्थों की खेप लेने मौके पर पहुंचा था। तलाशी के दौरान 283.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मौके से काले रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल (नंबर DL11PS0380) भी जब्त की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और दिल्ली में किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी।
विशेष टीम ने घेराबंदी कर की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा, प्रभारी एंटी-नारकोटिक्स सेल के नेतृत्व में की गई। विशेष टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु, हेड कांस्टेबल पवन, प्रवीण, रोहित, सुधीर और महिला हेड कांस्टेबल रितु शामिल रहे। अभियान सहायक पुलिस आयुक्त रणजीत ढाका की निगरानी एवं मार्गदर्शन में चलाया गया। इस मामले में थाना मौर्या एन्क्लेव में प्राथमिकी संख्या 459/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धाराओं 21/25/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। अब जांच का फोकस नशे के आपूर्ति स्रोत, वितरण नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की पहचान पर है।












