नई दिल्ली: महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर संसद में सियासी हलचल तेज है। सरकार ने इन्हें पेश करने या समर्थन जुटाने की औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं को इनके पारित होने का भरोसा है। वहीं, विपक्ष विरोध जता रहा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन को भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल बताया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 तक करने की बात कही जा रही है। INDIA गठबंधन में सपा दूसरा सबसे बड़ा दल है। उसके लोकसभा में 37 सांसद हैं, जबकि कांग्रेस के 98 सदस्य हैं। राज्यसभा में सपा के पांच सांसद हैं। कांग्रेस के उच्च सदन में 30 सदस्य हैं।
विपक्षी दलों के रुख पर नजर
संविधान संशोधन विधेयकों पर INDIA गठबंधन के कुछ दलों के अलग रुख अपनाने की अटकलें हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के आठ सांसदों के सरकार के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने की चर्चा है। द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (DMK) और YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के समर्थन की संभावना भी जताई जा रही है। DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं, जबकि वाईएस जगन मोहन रेड्डी की YSRCP के चार सदस्य हैं। YSRCP पहले भी NDA का समर्थन कर चुकी है।
NDA के सामने बहुमत की चुनौती
लोकसभा में भाजपा के 241 सांसद हैं। पीटीआई भाषा के मुताबिक, भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को 320 सांसदों का समर्थन हासिल माना जा रहा है। मौजूदा 540 सदस्यीय सदन में सभी सांसद मतदान करें, तो विधेयक पारित कराने के लिए 360 मतों की जरूरत होगी। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भरोसा जताया था कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने सदन की कार्यवाही सुचारू रहने को चर्चा और मतदान के लिए जरूरी बताया।
इससे पहले अप्रैल में विधेयक पर मतदान के दौरान सरकार को लोकसभा में झटका लगा था और प्रस्ताव पारित नहीं हो पाया था। तब सरकार ने विपक्ष पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया था। विपक्ष का कहना था कि सरकार इसकी आड़ में परिसीमन लागू करना चाहती है। NDA ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि गठबंधन से बाहर कौन से दल उसके समर्थन में आ सकते हैं।












