शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बवाल, आवामी लीग ने किया फुल लॉकडाउन का ऐलान

0
1

नई दिल्ली: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की खबर के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उनकी पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। पार्टी कार्यकर्ता बुधवार से ही ढाका में जुटने लगे हैं। दूसरी ओर, सरकार साफ कर चुकी है कि आवामी लीग को देश में राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में तनाव बढ़ने की आशंका है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने सात जिलों में 109 प्लाटून तैनात किए हैं। इनमें सावर और अशुलिया में 18, नारायणगंज में सात, गाजीपुर में 18, मैमनसिंह के भालुका में दो और गोपालगंज में 56 प्लाटून शामिल हैं। सबसे ज्यादा जवान शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लगाए गए हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह गोपालगंज में करीब 2,000 पुलिसकर्मियों के साथ बीजीबी की 10 प्लाटून और स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन (एसआरबी) के जवानों को भी तैनात किया गया था।

आवामी लीग ने सरकार के सामने रखीं मांगें

लॉकडाउन के ऐलान के बीच पार्टी ने अपनी मांगों की सूची भी जारी की है। आवामी लीग चाहती है कि शेख हसीना और उसके नेताओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएं और राजनीतिक फैसले रद्द हों। पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाकर उसे गतिविधियां चलाने की अनुमति देने की मांग भी की गई है। इसके अलावा राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की बात कही गई है। पार्टी ने महंगाई पर काबू पाने और बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद सहित जरूरी चीजों के दाम घटाने की मांग की है।

बंद उद्योगों को दोबारा शुरू कर बेरोजगार श्रमिकों को काम देने की बात भी कही गई है। आवामी लीग ने महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पत्रकारों और अधिकारियों के खिलाफ कथित झूठे मुकदमे वापस लेने, प्रेस की आजादी बहाल करने और आतंकवाद व उग्रवाद पर कार्रवाई करने की बात कही है।

16 दिसंबर को लौटने का दावा

शेख हसीना के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। वह दो साल से अधिक समय से भारत में रह रही हैं। 16 दिसंबर को बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ मनाता है। यह पहली बार है जब हसीना की वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई गई है। इस घोषणा के बाद देश में राजनीतिक टकराव और कानूनी विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here