नई दिल्ली: अब न डरकर जीना होगा और न ही खामोशी से जुल्म सहना होगा! बेटियों की सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए पूर्वी जिला पुलिस ने ‘निडर नारी’ अभियान के तहत सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है, जिसमें जागरूकता भी है, आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी और अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की मुस्तैदी भी। डीसीपी राजीव कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के जरिए स्कूलों से लेकर बाजारों, पार्कों और रिहायशी इलाकों तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
बेटियों को बनाया जा रहा आत्मरक्षा में आत्मनिर्भर
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल की निगरानी में गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरदार पटेल मॉडर्न स्कूल में सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने ‘सशक्ति’ पहल के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्हें गुड टच-बैड टच, पॉक्सो कानून, बुलिंग, मानव तस्करी और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग और निजी तस्वीरों के दुरुपयोग से बचने के तरीके भी समझाए गए। दल्लूपुरा के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
मोबाइल की दुनिया में भी अपराधियों पर नजर
विनोद नगर पश्चिम स्थित सेंट एंड्रयू स्कूल में साइबर ईस्ट थाने की टीम ने विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों को फर्जी लिंक, पहचान की चोरी, ऑनलाइन उत्पीड़न और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी और पासवर्ड साझा न करें तथा निजी जानकारी सोशल मीडिया पर डालने से बचें।
बुजुर्गों को सुरक्षा कवच, सादे कपड़ों में पुलिस का पहरा
न्यू अशोक नगर थाने और वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा सेल ने बुजुर्गों के साथ संवाद कर साइबर ठगी, व्यक्तिगत सुरक्षा और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर जानकारी दी। नए पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों को पहचान पत्र भी वितरित किए गए। उधर, शिष्टाचार दस्ते ने आचार्य निकेतन मार्केट, मेट्रो स्टेशन, डीडीए पार्क और बाल भवन सीबीएसई स्कूल, पांडव नगर में सादे कपड़ों में पैदल गश्त और जांच की। महिलाओं, छात्राओं और स्थानीय लोगों को छेड़छाड़ की शिकायत तथा डीटीसी बसों में एसओएस सुविधा के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
पार्कों से कॉलोनियों तक पुलिस की निगरानी
संजय झील पार्क, मयूर विहार फेज-2 सहित बाजारों और रिहायशी इलाकों में गश्त तेज की गई है। आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी समस्याएं जानी जा रही हैं। पुलिस पिकेट पर जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
जरूरी हेल्पलाइन: पुलिस 112, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी 1930।
Reported By: Pankaj Rai












