नई दिल्ली: वाहन चोरों की चालाकी पर शाहदरा जिला पुलिस का चक्रव्यूह भारी पड़ गया। कहीं बाइक गायब कर दी गई थी तो कहीं दूसरे वाहनों पर हाथ साफ कर ऑटो लिफ्टर पुलिस को चुनौती दे रहे थे, लेकिन इस बार पुलिस ने भी अपराधियों को घेरने के लिए खास रणनीति तैयार की। सात दिन तक चले विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्र’ में शाहदरा जिला पुलिस ने 181 चोरी के वाहन बरामद कर 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई के लिए 15 विशेष पुलिस टीमों को मैदान में उतारा गया था। अभियान 18 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक चलाया गया।
15 टीमों का चक्रव्यूह, चोरों के ठिकानों तक पहुंची पुलिस
शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि वाहन चोरी की लगातार मिल रही घटनाओं पर लगाम लगाने और ऑटो लिफ्टरों को पकड़ने के लिए शाहदरा जिले के विभिन्न थानों और विशेष इकाइयों की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की, लावारिस वाहनों का रिकॉर्ड खंगाला और पुलिस के उपलब्ध डाटाबेस से वाहन नंबरों का मिलान किया। पुराने वाहन चोरी के मामलों की जांच के साथ आरोपियों से मिले सुरागों पर भी लगातार कार्रवाई की गई।
181 वाहन बरामद, 36 आरोपियों की गिरफ्तारी
सात दिनों की मेहनत का नतीजा यह रहा कि पुलिस ने दोपहिया वाहनों सहित कुल 181 चोरी के वाहन बरामद किए और 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद वाहनों का संबंध शाहदरा जिले के अलावा दिल्ली के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी जिलों और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी मिला है। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा किया गया है। अन्य मामलों की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच जारी है।
कई थानों की गुत्थी सुलझी, दूसरे जिलों तक पहुंची कार्रवाई
ऑपरेशन चक्र के तहत विवेक विहार, फर्श बाजार, नंद नगरी, वेलकम, कृष्णा नगर, शकरपुर, लक्ष्मी नगर, आनंद विहार, गीता कॉलोनी और सीमापुरी सहित कई थानों में दर्ज मामलों से जुड़े वाहन बरामद किए गए। अभियान में एएटीएस, एएसबी सेल और स्पेशल स्टाफ की टीमों ने भी अहम भूमिका निभाई।
डीसीपी की दोटूक, अपराधियों पर जारी रहेगा शिकंजा
डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे गाड़ियां सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें, अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं और चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि ऑटो लिफ्टरों के खिलाफ आगे भी खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Reported By: Pankaj Rai












