नई दिल्ली: बैंक खाते भारतीयों के, मोबाइल फोन आरोपियों के और ठगी का पूरा खेल विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के इशारे पर! साइबर ठगी के इस अंतरराष्ट्रीय खेल का दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह देशभर में साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को इधर से उधर पहुंचाकर उसके स्रोत को छिपाने का खेल चल रहा था। पुलिस ने एक खाते में करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता लगाकर एचडीएफसी बैंक के सहयोग से पूरी रकम होल्ड करा दी। इस कार्रवाई से आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर अपराध के दो मामलों का भी खुलासा हुआ है।
मोबाइल में मिला ओटीपी विदेश भेजने वाला संदिग्ध ऐप
आईएफएसओ डीसीपी गौरव त्यागी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से ‘एसएमएस टूल्स’ नाम का संदिग्ध एप्लीकेशन मिला। इसे इस तरह कॉन्फिगर किया गया था कि मोबाइल पर आने वाले एसएमएस और बैंकिंग ओटीपी अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंच सकें। इस तकनीक के जरिए बैंक खातों का दूर बैठकर संचालन करने और साइबर ठगी को अंजाम देने में मदद मिलने की आशंका है। यानी मोबाइल की एक छोटी सी सेंध से बैंक खातों की सुरक्षा को निशाना बनाया जा रहा था।
सात टेलीग्राम चैनल बने थे काले कारोबार का अड्डा
पुलिस जांच में सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान हुई है, जिन पर कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त होती थी। आरोपियों के छह मोबाइल फोन से टेलीग्राम चैट, व्हाट्सऐप बातचीत, क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच में आरोपियों के कंबोडिया से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट के लिए बिचौलियों के रूप में काम करने की बात सामने आई है।
द्वारका के होटल से खुला अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क
जांच की शुरुआत स्पेशल सेल में दर्ज प्राथमिकी संख्या 148/26 से हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य द्वारका के एक होटल में ठहरे हैं और एमआर ट्रेडर्स के नाम से एचडीएफसी बैंक में संचालित खाते के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कर रहे हैं। इसके बाद छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा गया और प्राथमिकी संख्या 230/26 दर्ज की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश खान (31), इंतखाब (27), अल्ताफ हुसैन (45), मोहम्मद महफुजार रहमान (41) और इजहार आलम (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने एक चेकबुक, छह मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
विदेशी हैंडलरों की तलाश में जुटी पुलिस
कार्रवाई निरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार की टीम ने की। एसीपी विवेकानंद झा की निगरानी और डीसीपी गौरव त्यागी के नेतृत्व में इस नेटवर्क पर शिकंजा कसा गया। अब पुलिस अन्य आरोपियों, अतिरिक्त बैंक खातों और ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai












