5,461 रुपये में 29 घंटे ट्रेन में सफर, भारतीय रेलवे के मुरीद हुए विदेशी टूरिस्ट, दिए 10 में 10 नंबर

0
1

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सफर को लेकर अक्सर सुविधाओं और देरी की शिकायतें सुनने को मिलती हैं, लेकिन एक विदेशी टूरिस्ट का अनुभव इससे बिल्कुल अलग है। ब्रिटेन के कंटेंट क्रिएटर डोमिनिक ने भारतीय ट्रेन में लगातार 29 घंटे का सफर किया और इस यात्रा को 10 में से पूरे 10 अंक दिए। उन्होंने टिकट के लिए करीब 45 पाउंड यानी लगभग 5,461 रुपये खर्च किए। सफर के दौरान आराम, समय पर ट्रेन चलने, यात्रियों के अच्छे व्यवहार और सस्ते खाने ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उनका यह अनुभव अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।

डोमिनिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @desidominic पर इस लंबे सफर का वीडियो साझा किया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन तय समय पर रवाना हुई और यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उनके मुताबिक, ट्रेन में मौजूद यात्री काफी दोस्ताना और मददगार थे। लंबे समय तक सफर करने के बावजूद उन्हें अच्छा अनुभव मिला। खाने की कीमतों ने भी ब्रिटिश टूरिस्ट को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि ट्रेन में एक कप चाय की कीमत सिर्फ 9 पेंस यानी करीब 11 रुपये थी। वहीं, रात के खाने में करी, पनीर, बॉम्बे पोटैटो, चिकन करी और रोटियां मिलीं, जिसके लिए उन्होंने करीब 2.50 पाउंड (303 रुपये) खर्च किए। इसके अलावा चिकन बिरयानी महज 1.30 पाउंड यानी लगभग 158 रुपये में मिल गई। ट्रेन में ताजा ऑमलेट और वेजिटेबल कटलेट बनते देखकर भी वह काफी खुश हुए।

भारतीय रेलवे की सुविधाओं से हुए प्रभावित

डोमिनिक ने अपने रिव्यू में बताया कि पूरे सफर के दौरान उन्हें कोई बड़ी शिकायत नहीं हुई। कम किराये में इतनी लंबी यात्रा और खाने-पीने की अच्छी सुविधाएं उनके लिए खास रहीं। उन्होंने भारतीय रेलवे को 10 में से 10 नंबर दिए। उनके अनुसार, ब्रिटेन जैसे देशों में इतने कम खर्च में 29 घंटे का सफर करना आसान नहीं है। डोमिनिक का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने भारतीय रेलवे की किफायती यात्रा और यात्रियों के मिलनसार व्यवहार को इसकी सबसे बड़ी खासियत बताया। कुछ यूजर्स ने अपने ट्रेन सफर के अनुभव भी साझा किए।

विदेशी पर्यटकों के बीच बढ़ रही भारतीय रेलवे की पहचान

भारतीय रेलवे लंबे रूट पर कम खर्च में यात्रा करने का विकल्प देता है। पिछले कुछ वर्षों में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ रेलवे की सुविधाओं में भी बदलाव देखने को मिला है। सस्ते खाने, बेड रोल और बेहतर सुविधाओं के कारण विदेशी पर्यटक भी भारतीय ट्रेनों में सफर करना पसंद कर रहे हैं। डोमिनिक का अनुभव इसी आकर्षण की एक झलक पेश करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here