‘राठी’ लिखी कार से पुलिस को दिखाया रौब, गुरुग्राम पुलिस ने गाड़ी जब्त कर निकाली हेकड़ी!

0
2

गुरुग्राम: गाड़ी पर ‘राठी’ लिखवाकर सड़क पर रौब दिखाने का शौक उस वक्त भारी पड़ गया, जब पुलिस ने रोककर पूछताछ करनी चाही। कानून के रखवालों के सवालों का सामना करने के बजाय कार में सवार लोग पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने भी कार्रवाई का ऐसा पहिया घुमाया कि आखिरकार कार को ढूंढकर जब्त कर लिया गया।

पुलिस के इशारे पर नहीं रुकी ‘राठी’ लिखी कार

जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान ‘राठी’ शब्द लिखी एक कार को रुकने का इशारा किया। पुलिसकर्मियों ने चालक और अन्य सवारों को वाहन से नीचे उतरकर पूछताछ में सहयोग करने के निर्देश दिए। लेकिन पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय कार सवार मौके से भाग निकले। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।

एसटीयू ने तलाश कर कार की जब्त

मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी ट्रैफिक ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित टीम को तत्काल कार का पता लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिम्मेदारी विशेष कार्य बल (एसटीयू) को सौंपी गई। एसटीयू की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार कार को तलाश निकाला और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया। फिलहाल वाहन को भोंडसी थाने में खड़ा कराया गया है।

नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी और पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अथवा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना भी नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here