IMD का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड, फतेहपुर में 4 डिग्री पहुंचा पारा

0
3

नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान तक सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में सुबह 6:30 बजे तक सूरज नहीं दिखाई दिया। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ रहा है और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई है। मैदानी इलाकों में राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

दिल्ली-NCR में कोहरा और प्रदूषण बढ़ा

दिल्ली-NCR में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। यहां अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार सुबह दिल्ली का AQI 282 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। हवा में PM2.5 प्रदूषक की मात्रा अधिक रही। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिसंबर तक सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी ऐसा ही मौसम बना हुआ है। मैदानी इलाकों में राजस्थान के फतेहपुर में सबसे कम 4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सीकर में भी पारा गिरकर 6 डिग्री पर पहुंच गया। मध्य प्रदेश के कटनी स्थित करौंदी में तापमान 6.1 डिग्री और पंजाब के फरीदकोट में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा।

पहाड़ी राज्यों में माइनस में पहुंचा तापमान

पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ गई है। बद्रीनाथ में तापमान माइनस 10 डिग्री और केदारनाथ में माइनस 8 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल के ताबो में पारा माइनस 4.2 डिग्री और श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री तक पहुंच गया है। हिमाचल में 3 दिसंबर तक सुबह कोहरा रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में रविवार की सुबह कई इलाकों में घने कोहरे के साथ हुई। लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 13 डिग्री रहने का अनुमान है। वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, बदायूं और नोएडा में भी कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।

दक्षिण भारत में बारिश की संभावना

जहां उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल, माहे, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here