मिलावटखोरों पर दिल्ली सरकार का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, तीन ठिकानों पर छापे, 948.9 लीटर घी जब्त

0
5

नई दिल्ली: त्योहारों की मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने राजधानी के तीन इलाकों में छापेमारी कर कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया। सरकार ने साफ कर दिया है कि मिलावटखोर चाहे किसी भी स्तर पर हों, जांच में दोषी पाए जाने पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल बाजार, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ बाजार और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में कार्रवाई की। भोगल से 389.9 लीटर और नजफगढ़ से 338 लीटर घी जब्त किया गया। वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान 221 लीटर घी कब्जे में लिया गया। भोगल और नजफगढ़ में घी के कुल 15 नमूने भी एकत्र किए गए हैं।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट खोलेगी राज

जब्त घी के नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रख रही हैं, ताकि लोगों की थाली तक असुरक्षित सामग्री न पहुंचे।

हाईटेक होगा विभाग, बढ़ेगी कार्रवाई की रफ्तार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों से भी कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। जांच व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वर्ष जारी रहेगी। ब्रांडेड कंपनियां भी नियमों से ऊपर नहीं हैं।

शिकायत करें, मिलावट पर लगाएं लगाम

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से मिलावट खराब गुणवत्ता या समय-सीमा समाप्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायत करने की अपील की। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सर्वोपरि है। सरकार का संदेश साफ है—मिलावट से मुनाफा कमाने वालों की अब खैर नहीं दिल्ली की थाली में जहर घोलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here