कुत्ते ने मालिक को बना दिया अमीर छोड़ दी नौकरी, सैलरी से भी ज्यादा हो रही कमाई

0
14
Viral Dog
Viral Dog

सोशल मीडिया पर लोग अपने पालतू  जानवरों का फोटो, वीडियो अक्सर शेयर करते रहते हैं. दुनिया में पालतू जानवरों की लोकप्रियता अब आम बात हो गई है, लेकिन ब्रिटेन के एक कारपेंटर की कहानी इस ट्रेंड को नया मुकाम दे रही है. ब्रिटेन के डंकन टाउट ने अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी और अब अपने फ्रेंच बुलडॉग टीजे के साथ फुलटाइम कंटेंट क्रिएट कर रहे हैं. 

डंकन टाउट मूल रूप से केंट के रहने वाले हैं और अधिकतर समय लंदन में काम करते थे. उन्होंने 2021 में अपने प्यारे फ्रेंच बुलडॉग टीजे के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था. शुरू में इसका उद्देश्य सिर्फ यादों को संग्रहित करना था. लेकिन जब टीजे का पानी में कूदने का एक मजेदार वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद सब कुछ बदल गया.

ब्रांड प्रमोशन की भारी डिमांड

वीडियो की लोकप्रियता देखते ही कंपनियों ने टीजे के हास्यपूर्ण और यात्रा संबंधी वीडियो में ब्रांड प्रमोशन के लिए संपर्क करना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे कमाई बढ़ती गई और एक दिन ऐसा आया जब कुत्ते की ऑनलाइन आय डंकन की कारपेंटर की सैलरी से ज्यादा हो गई. डंकन ने जनवरी 2025 में अपनी फुलटाइम नौकरी छोड़ने का फैसला किया.

उन्होंने बताया कि मैं सुबह 6 बजे उठकर लंदन जाता था, पूरा दिन काम करता था, फिर रग्बी खेलता था. दिन-रात की भागदौड़ चलती रहती थी. लेकिन जब टीजे की कमाई मेरी सैलरी से आगे निकल गई तो सोचा कि अब नौकरी का क्या मतलब है? पिछले साल उनकी शादी हुई और घर भी बदला. इन सबके बीच टीजे की देखभाल और उसकी बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया. अंत में उन्होंने कारपेंटरी की नौकरी छोड़कर टीजे की सोशल मीडिया उपस्थिति को फुलटाइम मैनेज करने का फैसला लिया.

सोशल मीडिया पर बनें लाखों फैंस

डंकन और टीजे मिलकर कई कंपनियों के साथ ब्रांड पार्टनरशिप कर रहे हैं. टीजे के वीडियो में विज्ञापन देने के लिए ब्रांड्स अच्छी रकम चुकाने को तैयार रहते हैं. टिकटॉक पर टीजे के 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उसके वीडियो करोड़ों बार देखे जा चुके हैं. डंकन कहते हैं कि अब मेरे पास बहुत ज्यादा आजादी है. मैं अपनी मर्जी से समय बिता सकता हूं, यात्रा कर सकता हूं और टीजे के साथ मजेदार वीडियो बना सकता हूं. डंकन बताते हैं कि सड़क पर लोग अक्सर टीजे को पहचान लेते हैं, भले ही वे खुद डंकन को न पहचान पाएं. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here