विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से मिल सरकार बनाने का दावा किया पेश

0
6

तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कझगम को कांग्रेस का समर्थन मिलने की संभावना ने सियासी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं. इसी कड़ी में विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया. 

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कब होगा आयोजित? 

सूत्रों के मुताबिक, अगर सब कुछ तय समय के अनुसार हुआ तो गुरुवार को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है. इससे पहले विजय ने मंगलवार को ही लोक भवन को ईमेल के जरिए अपना दावा भेज दिया था, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास पर्याप्त विधायकों का समर्थन है और वे बहुमत साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. 

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 सदस्यीय सदन में 108 सीटें जीतकर खुद को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित किया है. हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है. ऐसे में सहयोगी दलों का समर्थन बेहद अहम हो जाता है.

राजनीतिक गणित के अनुसार, विजय को अपनी एक सीट छोड़नी पड़ेगी, जिससे पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाती है. इस स्थिति में सरकार बनाने के लिए उन्हें कम से कम 11 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है. कांग्रेस ने विजय की पार्टी को समर्थन देने का संकेत दिया है. कांग्रेस के पास राज्य में 5 विधायक हैं. बताया जा रहा है कि पार्टी ने इसके बदले सरकार में दो मंत्री पदों की मांग रखी है. कांग्रेस नेतृत्व स्तर पर भी इस पर चर्चा हो चुकी है और सकारात्मक रुख सामने आया है.

इसके अलावा, पट्टाली मक्कल काची (PMK) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) जैसे दलों से भी समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है. PMK के पास 4 और AMMK के पास 1 विधायक है. हालांकि इन दलों की ओर से अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अंदरूनी स्तर पर बातचीत जारी बताई जा रही है.

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज 

इधर, शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में संभावित आयोजन को लेकर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है. विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बातचीत कर उन्हें इस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिससे यह समारोह और भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here