इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला गायिका की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. महिला का आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर पहले उससे दोस्ती की, फिर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए. बाद में जब उसे युवक की वास्तविक पहचान और अन्य जानकारियां मिलीं तो उसने विरोध किया. शिकायत मिलने के बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात अगस्त 2024 में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से हुई थी. महिला का आरोप है कि युवक ने अपना नाम “राहुल” बताकर उससे परिचय बढ़ाया. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और इसी दौरान आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया.
जबरन संबंध बनाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, कमरे पर ले जाने के बाद आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए. महिला का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और खुद को उसका पति बताने लगा. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उस समय वह मानसिक रूप से काफी दबाव में थी और स्थिति का विरोध नहीं कर सकी.
महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि आरोपी की वास्तविक पहचान अलग है. उसके अनुसार युवक का नाम मोहम्मद राहुल पुत्र अब्दुल शेख है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के अन्य युवतियों से भी संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद उसने विरोध जताया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे कमरे में रोककर रखा और उसके साथ मारपीट भी की.
दिल्ली पहुंचकर दिया बच्चे को जन्म
महिला के अनुसार, वह अक्टूबर 2025 में किसी तरह आरोपी के कब्जे से निकलने में सफल रही. इसके बाद वह दिल्ली में रहने वाली अपनी एक सहेली के पास पहुंची, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया. कुछ समय बाद वह अपने बेटे और मां के साथ इंदौर आकर रहने लगी.
इंदौर में दोबारा मिलने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी बाद में इंदौर भी पहुंचा और मिलने के बहाने महिला से संपर्क किया. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसने दोबारा शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके साथ मारपीट भी की. इसके बाद महिला ने स्थानीय हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं से मदद मांगी. उनकी सहायता से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है. हालांकि पुलिस सभी पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है.












