नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर दी है. बता दें, 3 मई 2026 को रद्द हुई परीक्षा के फीस रिफंड के लिए अब छात्रों को बैंक अकाउंट डिटेल अपडेट करने का एक और मौका मिलेगा, जिन लोगों ने अभी तक जानकारी नहीं भरी है, वे 14 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक अपना डिटेल पोर्टल पर जमा कर सकते हैं.
कितने छात्रों को मिल चुका है रिफंड
NTA ने 7 जुलाई को जारी नोटिस में बताया कि अभी तक करीब 10,28,223 उम्मीदवारों ने अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट और कन्फर्म कर ली है, जिसके चलते इन छात्रों के लिए रिफंड प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. लेकिन एजेंसी के अनुसार अब भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने बैंक डिटेल नहीं भरी है. इसी वजह से NTA ने समय सीमा बढ़ाकर सभी को रिफंड सुनिश्चित करने का फैसला लिया है. एजेंसी का कहना है कि अंतिम तारीख तक जानकारी पूरी कर लेने से रिफंड में देरी नहीं होगी.
कैसे करें बैंक डिटेल अपडेट
अगर आपने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है तो NEET UG 2026 के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाकर ये स्टेप फॉलो करें:
वेबसाइट पर जाएं और neet.nta.nic.in पर लॉगिन करें
लॉगिन करने के बाद अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से अकाउंट खोलें
वेरिफिकेशन और ऑथेंटिकेशन प्रोसेस पूरा करें
बैंक अकाउंट डिटेल ऑप्शन कर क्लिक करें
अपना अकाउंट नंबर, IFSC कोड और नाम सही-सही भरें
चाहें तो वेरिफिकेशन के लिए कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं
14 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे से पहले फॉर्म जमा कर दें
ध्यान देने वाली जरूरी बातें
NTA ने साफ किया है कि 14 जुलाई के बाद पोर्टल पर बैंक डिटेल अपडेट करने का लिंक बंद हो जाएगा इसलिए देरी न करें. गलत जानकारी देने पर रिफंड अटक सकता है, इसलिए खाता संख्या और IFSC कोड दो बार चेक कर लें. बता दें, परीक्षा रद्द होने के बाद से ही छात्र फीस वापसी का इंतजार कर रहे थे. NTA ने भरोसा दिलाया है कि जिनका डाटा वेरिफाई हो चुका है उनके खाते में रिफंड जल्द भेजा जाएगा. बाकी उम्मीदवारों को भी समय पर जानकारी अपडेट करने की सलाह दी गई है. वहीं अगर इस दौरान रिफंड या पोर्टल से जुड़ी कोई दिक्कत आती है तो छात्र NTA की हेल्पलाइन या ईमेल पर संपर्क कर सकते हैं.












