नई दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी को देखते हुए कई कंपनियां इस सेगमेंट में नए वाहन लॉन्च कर रही हैं. इसी कड़ी में Youdha ने कमर्शियल सेगमेंट में अपने Epod Bharat का लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है. इस इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में कई खास फीचर्स दिए गए हैं. इसकी कीमत कितनी है और इसमें क्या खास मिलता है, आइए जानते हैं.
Youdha ने लॉन्च किया ई-पॉड भारत का लिमिटेड एडिशन
Youdha भारत में अलग-अलग सेगमेंट के इलेक्ट्रिक वाहन बेचती है. कंपनी ने कमर्शियल सेगमेंट में L5 कैटेगरी के पैसेंजर थ्री-व्हीलर के लिमिटेड एडिशन के तौर पर ई-पॉड भारत को लॉन्च किया है. इसमें यात्रियों की सुविधा और बेहतर ड्राइविंग के लिए कई फीचर्स दिए गए हैं.
ई-पॉड भारत लिमिटेड एडिशन में क्या है खास?
ई-पॉड भारत की सबसे खास बात इसका डिजाइन है. इस लिमिटेड एडिशन थ्री-व्हीलर को पूरी तरह हाथ से पेंट किया गया है. इसके बाहरी हिस्से पर वारली कला से प्रेरित पेंटिंग बनाई गई है. इस पेंटिंग में महिलाओं, ग्रामीण जीवन और त्योहारों की झलक देखने को मिलती है.
ई-पॉड भारत को लेकर Youdha CEO ने कही बड़ी बात
Youdha के CEO आयुष लोहिया ने कहा कि ई-पॉड भारत की मिट्टी और संस्कृति को समर्पित है. कंपनी का उद्देश्य पारंपरिक कला को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जोड़ना है. इस तरह यह वाहन देश की विरासत के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों और उम्मीदों को भी दर्शाता है.
ई-पॉड भारत की कितनी है रेंज?
ई-पॉड भारत में 11.8 kWh की बैटरी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर एक बार फुल चार्ज होने पर 227 किलोमीटर तक चल सकता है. इसमें 6 kW की इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 50 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. बेहतर ड्राइविंग के लिए इसमें सिटी और ईको राइडिंग मोड भी दिए गए हैं.
ई-पॉड भारत की कितनी है कीमत?
योद्धा ई-पॉड भारत लिमिटेड एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 3.20 लाख रुपये रखी गई है.












