इजरायल में सत्ता की जंग के बीच नेतन्याहू का बड़ा दांव, विरोधी की सरकार गिराने के लिए अरब नेता से मांगा समर्थन

0
5

नई दिल्ली: इजरायल में चुनाव के बाद सरकार बनाने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भले ही बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गए हों, लेकिन उन्होंने सत्ता में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है। दूसरी ओर, राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने उनके विरोधी याशर पार्टी के नेता गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का मौका दिया है। उन्हें बहुमत जुटाने के लिए छह सप्ताह का समय मिला है। इस बीच नेतन्याहू पर्दे के पीछे से ऐसी कोशिशों में जुटे हैं, जिससे आइजनकोट सरकार बनाने में सफल न हो सकें।

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, आइजनकोट की पार्टी को चुनाव में 48 सीटें मिली हैं, जबकि सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है। ऐसे में वह अरब पार्टियों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इन पार्टियों की ओर से भी उन्हें समर्थन देने के संकेत मिले हैं। हालांकि, नेतन्याहू भी इस समीकरण को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।

मंसूर अब्बास से नेतन्याहू ने मांगा समर्थन

चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, बेंजामिन नेतन्याहू ने राआम पार्टी के प्रमुख मंसूर अब्बास से संपर्क कर समर्थन मांगा है। उन्होंने चुनाव के दौरान और नतीजे आने के बाद भी अब्बास से बातचीत करने की कोशिश की। नेतन्याहू के एक करीबी सहयोगी ने भी मंसूर से पूछा कि क्या वह चुनाव परिणाम आने के बाद आइजनकोट की सरकार बनाने में मदद करेंगे। इस पर मंसूर अब्बास ने कहा कि वह पहले चुनाव के अंतिम नतीजों का इंतजार करेंगे और उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे। हालांकि, लगातार संपर्क किए जाने से नाराज होकर उन्होंने नेतन्याहू के सहयोगी से बातचीत बंद कर दी। बता दें कि नेतन्याहू के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले भी चल रहे हैं, जिससे उनकी राजनीतिक वापसी की राह और मुश्किल हो सकती है।

मंसूर अब्बास को मनाने के लिए दिया स्वाभिमान का हवाला

रिपोर्ट के मुताबिक, मंसूर अब्बास के बातचीत बंद करने के बाद नेतन्याहू की ओर से उन्हें एक और संदेश दिया गया। इसमें कहा गया कि याशर पार्टी उनके गठबंधन को तोड़ने की कोशिश कर रही है। ऐसे में क्या वह अपने स्वाभिमान से समझौता करके आइजनकोट का समर्थन करेंगे? इस पर मंसूर अब्बास ने स्पष्ट जवाब दिया कि उनकी पार्टी वही फैसला करेगी, जो उसके लिए बेहतर होगा। उनके इस रुख से सरकार गठन को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता और बढ़ गई है।

नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे आगे

चुनाव परिणामों के अनुसार, नेतन्याहू के समर्थन वाले गुट को कुल 53 सीटें मिली हैं, जबकि उनके विरोधी चेंज ब्लॉक के खाते में 48 सीटें आई हैं। वहीं, अरब पार्टियों ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस तरह किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वह अपने सहयोगियों का पूरा समर्थन हासिल नहीं कर सकी। यूनाइटेड तोराह जुडिज्म पार्टी के सात सांसदों ने किसी भी उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन नहीं देने का फैसला किया है। ऐसे में सरकार बनाने की लड़ाई अब अरब पार्टियों के रुख पर काफी हद तक निर्भर करती दिखाई दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here