24 घंटे बेड के नीचे छिपी रही लाश, परफ्यूम से दबाई बदबू; अलीगढ़ ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा

0
7
Aligarh blind murder case crime
Aligarh blind murder case crime

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के हरदुआगंज क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस जांच के अनुसार, प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई. आरोप है कि हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर घर के अंदर बेड के नीचे छिपाकर रखा गया और बदबू से बचने के लिए कमरे में परफ्यूम का छिड़काव किया गया. वहीं अगले दिन देर रात शव को बाइक से ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया.

 2 मई को मिला था अज्ञात शव 

पुलिस के मुताबिक, 2 मई को माछुआ नहर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था. उस समय पहचान नहीं हो पाने के कारण पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रख दिया गया. बाद में मृतक की पहचान खैर निवासी अमित के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. 

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली. इसी आधार पर शक संजू की पत्नी कल्पना पर गया. पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली. जांच में सामने आया कि अमित और कल्पना के बीच पहले से परिचय था, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गया था.

महिला से मिलने पहुंचा था घर 

पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात अमित महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था. उसी दौरान वहां महिला का दूसरा परिचित भी मौजूद था. तीनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान अमित के सिर पर वार किया गया. उसके बेहोश होने के बाद उसकी पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई. 

जांच में यह भी सामने आया कि कल्पना के पति को उसकी और अमित की नजदीकियों की जानकारी थी, जबकि दूसरे व्यक्ति के साथ संबंधों की जानकारी उसे नहीं थी. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर सबूत छिपाने की कोशिश की.

शव की पहचान होने में लगे ढ़ाई महीने 

पुलिस का कहना है कि शुरुआती दौर में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था, क्योंकि शव की पहचान होने में करीब ढाई महीने लग गए. पहचान होने के बाद तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here