8th Pay Commission: किस फॉर्मूले से बढ़ेगी आपकी सैलरी? 65 हजार से 11 लाख तक पहुंच सकता है बेसिक पे

0
3

नई दिल्ली: आठवें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों को कितनी सैलरी बढ़ोतरी मिलेगी, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। कर्मचारी संगठन भी अपनी मांगें आयोग के सामने रख रहे हैं। इसी बीच दो संगठनों ने वेतन बढ़ाने के लिए अलग-अलग फॉर्मूले सुझाए हैं। मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन (MSA) ने सभी कर्मचारियों के लिए 3.61 का समान फिटमेंट फैक्टर मांगा है, जबकि इंडियन रेलवे टेक्निकल सुपरवाइजर्स एसोसिएशन (IRTSA) ने पे लेवल के अनुसार 2.92 से 4.38 तक फिटमेंट फैक्टर रखने का प्रस्ताव दिया है।

दोनों सुझावों का कर्मचारियों की सैलरी पर अलग असर पड़ सकता है। MSA का फॉर्मूला लागू हुआ तो निचले और ऊंचे पदों पर वेतन एक ही अनुपात में बढ़ेगा। वहीं, IRTSA के प्रस्ताव से वरिष्ठ अधिकारियों को तुलनात्मक रूप से ज्यादा फायदा मिल सकता है।

क्या है दोनों प्रस्तावों में अंतर?

MSA का 3.61 फिटमेंट फैक्टर: मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन ने न्यूनतम बेसिक सैलरी 65,000 रुपये और अधिकतम 9 लाख रुपये करने की मांग की है। इसके लिए सभी पे लेवल पर 3.61 का समान फिटमेंट फैक्टर लागू करने का सुझाव दिया गया है। इस फॉर्मूले के हिसाब से सातवें वेतन आयोग के लेवल-1 की 18,000 रुपये की बेसिक सैलरी बढ़कर करीब 65,000 रुपये हो जाएगी। वहीं, लेवल-18 के अधिकारियों का 2.5 लाख रुपये का मूल वेतन बढ़कर लगभग 9.02 लाख रुपये पहुंच सकता है। इसमें न्यूनतम और अधिकतम वेतन का अनुपात 1:13.9 ही रहेगा।

IRTSA का 2.92 से 4.38 तक का फॉर्मूला: इस संगठन ने सभी कर्मचारियों के लिए एक जैसा फिटमेंट फैक्टर रखने के बजाय पद के हिसाब से अलग-अलग दरें तय करने का सुझाव दिया है। लेवल-1 के लिए 2.92 और लेवल-17 व 18 के लिए 4.38 फैक्टर प्रस्तावित है। IRTSA का मानना है कि वरिष्ठ पदों पर जिम्मेदारी अधिक होती है, इसलिए वेतन में भी उसका अंतर दिखना चाहिए। इस फॉर्मूले से उच्च पदों पर सैलरी में ज्यादा बढ़ोतरी होगी और न्यूनतम-अधिकतम वेतन का अनुपात बढ़कर करीब 1:20.8 हो सकता है।

किस पे लेवल पर कितनी बढ़ेगी सैलरी?

सातवें वेतन आयोग के मौजूदा एंट्री पे मैट्रिक्स के आधार पर दोनों प्रस्तावों में अलग-अलग पे लेवल की संभावित बेसिक सैलरी में अंतर दिखाई देता है। लेवल-1 पर अभी 18,000 रुपये बेसिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों की सैलरी MSA के 3.61 फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से बढ़कर 65,000 रुपये हो सकती है, जबकि IRTSA के फॉर्मूले से यह करीब 52,600 रुपये होगी। लेवल-6 में मौजूदा 35,400 रुपये की बेसिक सैलरी MSA के प्रस्ताव के तहत 1,27,800 रुपये और IRTSA के हिसाब से 1,23,900 रुपये तक पहुंच सकती है। इसी तरह, लेवल-12 के कर्मचारियों का 78,800 रुपये का मूल वेतन MSA के फॉर्मूले से बढ़कर 2,84,500 रुपये, जबकि IRTSA के प्रस्ताव से 2,99,500 रुपये हो सकता है। वहीं, लेवल-18 के वरिष्ठ अधिकारियों की 2.5 लाख रुपये की बेसिक सैलरी MSA के तहत करीब 9,02,500 रुपये और IRTSA के फॉर्मूले के अनुसार 10,95,000 रुपये तक पहुंच सकती है।

आंकड़ों के मुताबिक, MSA का फॉर्मूला निचले पे लेवल के कर्मचारियों के लिए ज्यादा फायदेमंद है। दूसरी ओर, IRTSA के प्रस्ताव में वरिष्ठ अधिकारियों की सैलरी में अधिक बढ़ोतरी दिखाई गई है। हालांकि, ये अभी कर्मचारी संगठनों के सुझाव हैं। अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here