नई दिल्ली: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने परमाणु हथियारों को लेकर ट्रंप से बात करने से साफ इनकार कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में इसे एक तरह से अपमान माना जा रहा है। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस बारे में जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने पिछले एक साल में किम जोंग उन से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। ट्रंप ने टेलीफोन करने से लेकर संयुक्त राष्ट्र में मौजूद उत्तर कोरियाई मिशन के जरिए निजी चिट्ठी भेजने तक हर तरीका अपनाया, लेकिन किम ने बात नहीं की।
एशिया यात्रा में भी नहीं हुई मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति जब पिछले हफ्ते एशिया की यात्रा पर आए थे, तब भी उन्होंने किम से संपर्क की कोशिश की। फिलीपींस में क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद चीन की यात्रा के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने किम और ट्रंप के बीच आमने-सामने मुलाकात कराने की कोशिश की। लेकिन उत्तर कोरियाई नेता ने कोई भाव नहीं दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप से मिलने के लिए उत्तर कोरिया की तरफ से कुछ ऐसी शर्तें रखी गईं, जिन्हें अमेरिका मानने को तैयार नहीं हुआ।
निजी चिट्ठी भी गई बेअसर
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि जब ट्रंप पारंपरिक रास्तों यानी टेलीफोन के जरिए किम तक नहीं पहुंच पाए, तो उन्होंने न्यूयॉर्क में उत्तर कोरियाई मिशन के हाथों किम को एक निजी चिट्ठी भेजी। इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने कुछ नए प्रस्ताव भी भेजे, ताकि एक बार फिर कूटनीतिक बातचीत का रास्ता खुल सके। इन प्रस्तावों में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिससे किम नाराज न हों। इसमें तुरंत परमाणु हथियार खत्म करने की मांग नहीं की गई थी। इसके बावजूद उत्तर कोरिया ने कोई जवाब नहीं दिया।
2018 और 2019 में हो चुकी है मुलाकात
इससे पहले ट्रंप और किम 2018 में सिंगापुर और 2019 में हनोई में मुलाकात कर चुके हैं। फरवरी 2019 में हनोई वार्ता बिना किसी समझौते के टूट गई थी। इसके पीछे परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर अमेरिका की शर्तें थीं। हनोई शिखर सम्मेलन में उत्तर कोरिया अपने मुख्य ‘योंगब्यों’ परमाणु केंद्र को नष्ट करने के बदले अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के लगभग सभी प्रमुख आर्थिक प्रतिबंध हटाने की मांग कर रहा था।
वहीं अमेरिका का मानना था कि आंशिक परमाणु कटौती के बदले पूरे प्रतिबंध हटाना बहुत बड़ी रियायत होगी, क्योंकि उत्तर कोरिया के पास कई और गुप्त परमाणु ठिकाने और मिसाइलें उसके बाद भी बची रहतीं। अब एक बार फिर दोनों देशों के बीच बातचीत ठप पड़ गई है और किम के इस रवैये ने ट्रंप की कूटनीति को बड़ा झटका दिया है।












