नई दिल्ली: बांग्लादेश में इन दिनों लगातार सियासी उठापटक दिख रही है। शेख हसीना के भारत से ढाका लौटने की चर्चा और अवामी लीग कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों ने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। एक तरफ तारिक अवामी लीग के निशाने पर हैं तो वहीं सरकार के भीतर भी कथित तौर पर सब ठीक नहीं है। दावा किया जा रहा है कि विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की कोशिश तारिक रहमान को पीएम पद से हटाने की है। खलील कथित अमेरिकी मदद से कुछ बड़ा खेल कर सकते हैं, जिसमें वह खुद एक कार्यवाहक सरकार के प्रमुख बन जाएं।
सात दिन ढाका में रहकर फिर न्यूयॉर्क गए खलील
नॉर्थईस्ट न्यूज के मुताबिक, बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान सात दिन ढाका में रहने के बाद एक बार फिर न्यूयॉर्क चले गए हैं। शेख हसीना की सरकार गिरने (5 अगस्त, 2024) तक चर्चित और गैर-राजनीतिक व्यक्ति रहे खलील बीते दो साल में बांग्लादेश के सबसे शक्तिशाली लोगों में से एक बन गए हैं। वे संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं लेकिन ढाका में उनकी मुलाकातें बड़े सियासी तूफान का इशारा कर रही हैं।
ढाका में खलीलुर की मुलाकातें
रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में अमेरिका के पूर्व राजदूत पीटर डेविड हास के निमंत्रण पर खलील 15 नवंबर को ढाका पहुंचे थे। पीटर डेविड हास को डीप स्टेट का प्लेयर माना जाता है। खलील ने कॉक्स बाजार के उखिया में रोहिंग्या शिविरों का दौरा किया। यूनुस की अंतरिम सरकार में रोहिंग्या मामलों के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के तौर पर खलील ने रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए मानवीय गलियारा बनाने की कोशिश की थी।
सेना प्रमुख से टकराव का पुराना किस्सा
सेना प्रमुख वकार उज जमां की आपत्तियों के कारण उनके प्रयास विफल रहे। 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने म्यांमार को राष्ट्र के रूप में जिम्मेदार ठहराते हुए विस्थापित रोहिंग्या शरणार्थियों की वापसी के निर्देश दिए हैं। इसके अगले दिन उखिया के दौरे के दौरान खलील ने कहा कि म्यांमार को ICJ के निर्देशों का पालन करना होगा। रोहिंग्या शरणार्थी संकट को लेकर बांग्लादेश और म्यांमार के बीच टकराव जैसी स्थिति है।
ढाका में पक रही बड़ी खिचड़ी
खलीलुर ने जोर देकर कहा कि अमेरिका के साथ बांग्लादेश हर स्तर पर संबंध बना रहा है। असल में खलील की मुख्य जिम्मेदारी अमेरिका के साथ हुए पारस्परिक व्यापार समझौते को लागू करना है। अमेरिका अब बांग्लादेश के लिए आयात का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत बन गया है। इसे खलील की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, राजनयिक हलकों में इस बात पर चर्चा हो रही है कि अमेरिका के पूर्व राजदूत पीटर डेविड हास चाहते हैं कि विदेश मंत्री डॉक्टर खलीलुर रहमान एक ऐसी अंतरिम सरकार (केयरटेकर सरकार) बनाने की बातचीत का नेतृत्व करें, जो बांग्लादेश में सभी दलों के लिए राजनीतिक स्वतंत्रता सुनिश्चित कर सके।
यूनुस भी आए थे ढाका
22 नवंबर को अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस कुछ घंटों के लिए ढाका लौटे थे। इस दौरान उन्होंने खलील और 11 पूर्व सलाहकारों के साथ बैठक की। इसी दिन रूसी राजदूत अलेक्जेंडर ग्रिगोरिविच खोजिन ने विदेश मंत्रालय में विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के साथ लंबी बैठक की। राजनयिक सूत्रों का मानना है कि सेना को आपत्ति ना हो तो खलील के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बन सकती है। इसी उद्देश्य से खलील कई राजदूतों और उच्चायुक्तों से मुलाकात कर रहे हैं। सोमवार सुबह बांग्लादेश में पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर ने ढाका एयरपोर्ट पर खलील से मुलाकात की है।












