गौसेवा और गोवंश संरक्षण का संदेश लेकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे सीएम योगी, विधि-विधान से की गोवर्धन पूजा

0
5

गोरखपुर: दीपावली के उल्लास के बीच आस्था, परंपरा और गोसेवा का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजा संपन्न की। वैदिक मंत्रों की गूंज, श्रद्धा से झुके शीश और गोमाता के प्रति समर्पण का भाव… पूरे वातावरण में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने गोपूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और स्पष्ट संदेश दिया कि गोवंश की रक्षा हर परिस्थिति में होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दीपावली के अवसर पर ही गोरखपुर पहुंच गए थे। सोमवार सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की परंपरा का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने गायों और अन्य गोवंश को स्नान एवं श्रृंगार के बाद फूलों की मालाएं पहनाईं, उनके माथे पर तिलक लगाया और विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने हाथों से गायों को गुड़ और केले खिलाए। गोशाला में मौजूद कई गायों और गोवंश को उन्होंने उनके नाम से पुकारा और पास बुलाकर स्नेहपूर्वक दुलार किया। यह दृश्य गोसेवा के प्रति उनकी भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता नजर आया।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और गोपालकों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गायों के संरक्षण के साथ-साथ उनकी नस्ल सुधार और संवर्धन की दिशा में भी निरंतर काम करना होगा। गोपालकों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी उतना ही जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि गोवंश सुरक्षित रहें और पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम बने।

7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख निराश्रित गोवंश को आश्रय

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि कोई भी गाय सड़कों पर बेसहारा न घूमे, किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचे और प्रत्येक गोवंश को सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्थान पर देखभाल मिल सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए अलग-अलग योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल, सहभागिता योजना और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित सरकारी गोवंश संरक्षण केंद्र शामिल हैं।

गाय पालिए, सरकार देगी हर महीने 1,500 रुपये

मुख्यमंत्री ने सहभागिता योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत कोई किसान सरकारी गोशाला से निराश्रित गाय को गोद लेकर उसका पालन-पोषण करता है तो सरकार की ओर से प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गायें ले सकता है। इस प्रकार चार गायों के पालन पर किसान को हर महीने 6,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सकती है। उन्होंने बताया कि कुपोषित परिवारों को भी निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों से एक-एक दुधारू गाय उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, ताकि परिवारों को पौष्टिक दूध मिल सके। इस योजना के तहत भी गाय के रखरखाव के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री के अनुसार इन योजनाओं से किसानों और जरूरतमंद परिवारों को बड़े स्तर पर लाभ मिला है।

गांव में पशुपालन विभाग, शहरों में कान्हा उपवन संभाल रहे जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग के माध्यम से गोवंश आश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के अंतर्गत कान्हा उपवन संचालित किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय देना और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि गोवंश सड़कों पर बेसहारा न रहे और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाए। इसके बजाय उन्हें सुरक्षित स्थान पर सम्मानजनक ढंग से रखा जाए। इसी सोच के साथ निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना की गई है और उनका संचालन किया जा रहा है।

भारतीय संस्कृति में गाय समृद्धि और सेवा का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत कृषि और पशुपालन प्रधान देश है। यहां की धार्मिक, सामाजिक और कृषि आधारित परंपराओं में गाय का विशेष स्थान रहा है। दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा इसी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को आगे बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा में समृद्धि और कल्याण का प्रतीक है। गोसेवा को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का महत्वपूर्ण माध्यम माना गया है। जहां गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ईमानदारी से प्रयास होते हैं, वहां सुख-समृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

हर घर में पहली रोटी गाय और आखिरी रोटी कुत्ते के नाम हो

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारतीय परंपरा के अनुरूप गोसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पहली रोटी गाय के लिए और आखिरी रोटी कुत्ते के लिए निकालने की परंपरा रही है। यदि प्रत्येक परिवार इस परंपरा का पालन करे और अपने भोजन में से कुछ हिस्सा गाय तथा कुत्ते के लिए सुनिश्चित करे तो यह भी सेवा का एक बड़ा कार्य होगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए अपने घर में गाय पालना संभव नहीं है, वे सामाजिक और परोपकारी उद्देश्यों से संचालित गोशालाओं में आर्थिक सहयोग देकर गोसेवा में भागीदार बन सकते हैं। गोसेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गोवंश की रक्षा, संवर्धन और सेवा के लिए समाज की भागीदारी बढ़ने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराएं भी निरंतर आगे बढ़ेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here