नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के जादवपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां ब्रेकअप से नाराज एक युवक पर अपनी गर्लफ्रेंड के दो पालतू कुत्तों की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना बिक्रमगढ़ इलाके की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी संदेह जताया गया है। आरोपी की पहचान संजीब भट्टाचार्य के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, संजीब अपनी गर्लफ्रेंड परी नोवा के साथ किराए के मकान में रहता था। दोनों के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। शुक्रवार को परी ने रिश्ता खत्म कर दिया और घर छोड़कर चली गई। इस कपल ने कई पालतू कुत्ते पाल रखे थे, जो उसी फ्लैट में रहते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार को संजीब ने परी को वीडियो कॉल किया। इस दौरान परी ने देखा कि उसके एक पालतू कुत्ते के गले में फंदा लगा हुआ है और वह लटका हुआ है। यह देखकर वह घबरा गई और उसने तुरंत एक स्थानीय व्यक्ति को फ्लैट पर भेजा। वहां पहुंचे व्यक्ति ने दोनों कुत्तों को मृत पाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फ्लैट के अंदर खून फैला हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर अभिनेत्री और पशु कल्याण कार्यकर्ता देबलीना दत्ता भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने राज्य सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद जादवपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संजीब को हिरासत में ले लिया।
गर्लफ्रेंड ने लगाए मारपीट और परेशान करने के आरोप
परी नोवा ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि संजीब पिछले 6-7 महीनों से उन्हें परेशान कर रहा था। परी ने यह भी दावा किया कि युवक उनके साथ मारपीट करता था। दोनों के रिश्ते में लंबे समय से तनाव चल रहा था और आखिरकार शुक्रवार को उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में संजीब की मानसिक स्थिति पर संदेह जताया गया है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों कुत्तों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना में आरोपी की क्या भूमिका रही। हिरासत में लिए गए संजीब से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











